गोपालगंज के मेहरमा में छात्रों को सड़क सुरक्षा और साइबर ठगी को लेकर किया अलर्ट, थाना प्रभारी ने बताये बचाव के तरीके
बैनर के साथ थाना प्रभारी
मेहरमा पुलिस ने छात्रों को सड़क सुरक्षा और साइबर ठगी से बचने के महत्वपूर्ण तरीके बताए हैं. थाना प्रभारी की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम में यातायात नियमों और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव पर जोर दिया गया.
Cyber Fraud: सड़क पर वाहन चलाते समय छोटी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है. वहीं मोबाइल पर अनजान व्यक्ति को OTP बताना भी साइबर ठगी का कारण बन सकता है. बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और साइबर ठगी की घटनाओं को देखते हुए मेहरमा थाना पुलिस ने छात्रों को सतर्क किया.
आपके शहर में
मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर की अगुवाई में पिरोजपुर स्थित उच्च विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें छात्रों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा, डायल 112 और साइबर ठगी से बचाव के बारे में जानकारी दी गयी.
हेलमेट और सीट बेल्ट को लेकर छात्रों को किया अलर्ट
थाना प्रभारी ने छात्रों को बताया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट नहीं पहनना और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट नहीं लगाना दुर्घटना में गंभीर खतरा बढ़ा सकता है.
उन्होंने छात्रों से कहा कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें. बाइक या अन्य वाहन को गलत दिशा में नहीं चलायें और सड़क पर हमेशा सावधानी बरतें.
साइबर ठग ऐसे बना रहे लोगों को निशाना
कार्यक्रम के दौरान साइबर ठगी को लेकर भी छात्रों को जागरूक किया गया. थाना प्रभारी ने बताया कि साइबर ठग मोबाइल हैक करने या अलग-अलग तरीकों से लोगों को झांसे में लेकर पैसे की मांग कर सकते हैं.
कई मामलों में ठग OTP पूछकर बैंक खाते से पैसे निकालने की कोशिश करते हैं. इसलिए किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर OTP साझा नहीं करना चाहिए.
उन्होंने छात्रों से कहा कि अगर किसी अनजान नंबर से फोन आता है और पैसे या OTP की मांग की जाती है, तो तुरंत सतर्क हो जाएं और ऐसी जानकारी किसी के साथ साझा न करें.
परेशानी में तुरंत 112 डायल करें
थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर ने छात्रों को आपात स्थिति में डायल 112 के बारे में भी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की आपात स्थिति या घटना होने पर 112 पर सूचना दी जा सकती है. पुलिस सूचना मिलने के बाद सहायता के लिए पहुंचती है.
उन्होंने छात्रों से खुद जागरूक रहने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा और साइबर ठगी से बचाव के बारे में जानकारी देने की अपील की.
बढ़ती घटनाओं को देखते हुए चलाया गया अभियान
मेहरमा सहित आसपास के क्षेत्रों में सड़क दुर्घटना और साइबर ठगी की घटनाओं को देखते हुए एसपी के निर्देश पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में थाना प्रभारी ने विद्यालय पहुंचकर छात्रों को सुरक्षा से जुड़े जरूरी नियमों की जानकारी दी.
मौके पर एसआई सन्मुख राम, मनोज कुमार निराला और रमेश कुमार सिंह मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें: बिहार पुलिस को मिलेगा नया मुखिया, जानिए कौन-कौन से आईपीएस अधिकारी हैं मुख्य दावेदार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए