गोपालगंज: भोरे में विकास कार्यो पर मंत्री सुनील कुमार का दावा, उद्योग से लेकर उच्च शिक्षा तक बदलाव का भरोसा

Updated:
विज्ञापन

प्रेस को संबोधित करते मंत्री सुनील कुमार | Prabhat Khabar Network

मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि भोरे में बिना वादे के विकास कार्य जारी है। जल्द ही औद्योगिक गतिविधियां शुरू होंगी और बीपीएस कॉलेज में पीजी की पढ़ाई होगी शुरू।

विज्ञापन

Gopalganj News : भोरे विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है. क्षेत्र में बड़े-बड़े वादों के बजाय विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई है. ये बातें राज्य के मंत्री सुनील कुमार ने ‘अभियान बसेरा’ कार्यक्रम के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहीं.

आपके शहर में

विज्ञापन

मंत्री ने कहा कि चुनाव के दौरान उन्होंने कभी किसी व्यक्ति पर व्यक्तिगत आरोप नहीं लगाए और न ही जनता से खोखले वादे किए. उनका पूरा ध्यान क्षेत्र के सर्वांगीण विकास पर रहा. उन्होंने कहा कि भोरे में उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए निर्बाध बिजली सबसे जरूरी थी, जिसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया गया है.

बियाडा की जमीन पर जल्द शुरू होंगी औद्योगिक गतिविधियां

सुनील कुमार ने कहा कि क्षेत्र में औद्योगिक विकास की दिशा में भी काम आगे बढ़ रहा है. बियाडा को हस्तांतरित की गई जमीन पर औद्योगिक गतिविधियों को लेकर जल्द ही क्षेत्र के लोगों को अच्छी खबर मिलने की उम्मीद है. इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावना है.

भोरे-मीरगंज सड़क का निर्माण अंतिम चरण में

मंत्री ने बुनियादी ढांचे के विकास में सड़क निर्माण को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि भोरे-मीरगंज सड़क का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है. निर्माण पूरा होने के बाद इसका भव्य उद्घाटन कराया जाएगा. उन्होंने बताया कि उद्घाटन कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के भोरे आने की संभावना है.

बीपीएस कॉलेज में जल्द शुरू होगी पीजी की पढ़ाई

उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी भोरे को बड़ी सौगात मिलने वाली है. मंत्री ने कहा कि स्थानीय बीपीएस कॉलेज में जल्द ही स्नातकोत्तर यानी पीजी स्तर की पढ़ाई शुरू कराई जाएगी. इससे क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर ही आगे की पढ़ाई का अवसर मिलेगा.

बच्चों को मोबाइल नहीं, किताब देने की अपील

बदलते सामाजिक परिवेश और बच्चों में बढ़ते मोबाइल इस्तेमाल पर मंत्री ने चिंता जताई. उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को केवल ऑनलाइन क्लास के भरोसे न छोड़ें, बल्कि उन्हें नियमित रूप से स्कूल और कॉलेज भेजें.

उन्होंने कहा कि बच्चों के हाथों में मोबाइल की जगह किताब होनी चाहिए. भोरे बाजार में किताबों की दुकानों और मोबाइल दुकानों की संख्या का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इससे समाज की प्राथमिकताओं का अंदाजा लगाया जा सकता है. उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई और शैक्षणिक अनुशासन को प्राथमिकता देने की अपील की.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन