गोपालगंज में महंथ का आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने पर बेलबनवा मंदिर में महापंचायत, हजारों लोग पहुंचे
मंदिर परिसर में तैनात पुलिस के जवान | Prabhat Khabar Network
गोपालगंज के बेलबनवा हनुमान मंदिर में महंथ का आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद महापंचायत. हजारों ग्रामीणों ने की महंथ को हटाने की मांग.
Gopalganj News : ऐतिहासिक बेलबनवा हनुमान मंदिर के महंथ बृजमोहन दास का महिला के साथ आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद मंगलवार को मंदिर परिसर में महापंचायत आयोजित की गयी. वीडियो सामने आने के बाद से इलाके के लोगों में नाराजगी थी. मंगलवार की सुबह आठ बजे से ही मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ जुटने लगी. महापंचायत में हजारों की संख्या में ग्रामीण पहुंचे और महंथ को मंदिर से हटाने तथा उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे.
स्थिति को देखते हुए पहले से मंदिर परिसर में पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. सूचना मिलने पर सीओ मनोरंजन कुमार शुक्ला और थानाध्यक्ष दर्पण सुमन भी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों की बातें सुनीं और वरीय अधिकारियों को मामले से अवगत कराने तथा नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया. इसके बाद लोगों का आक्रोश शांत हुआ.
महिलाओं के मंदिर आने पर डर का आरोप
महापंचायत में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र है, लेकिन महंथ और उनके लोगों के कारण महिलाएं यहां पूजा-पाठ करने से भय महसूस कर रही हैं. ग्रामीणों का कहना था कि महंथ के कार्यकाल में मंदिर की व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं. मंदिर परिसर में अश्लील गीतों पर रील बनाये जाने का भी आरोप लगाया गया.
ग्रामीणों ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के सामने आने के बाद महंथ और उनसे जुड़े लोगों की गतिविधियों को लेकर लोगों में आक्रोश और बढ़ गया है. लोगों ने मांग की कि महंथ और उनके लोगों को मंदिर परिसर से हटाया जाए तथा मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाए. ग्रामीणों ने यह भी कहा कि 14 सितंबर को वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने मंदिर पहुंचकर विरोध जताया था, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी बढ़ती गयी.
प्रशासन ने मंदिर अपने नियंत्रण में लिया
सीओ मनोरंजन शुक्ला ने बताया कि महंथ का अमर्यादित वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश था और वे आंदोलन की तैयारी में थे. ग्रामीणों की मांगों से वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया था और जिलाधिकारी को भी रिपोर्ट भेजी गयी थी. उनके अनुसार धार्मिक न्यास बोर्ड की ओर से महंथ को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है.
सीओ ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश के बाद मंदिर को प्रशासन अपने नियंत्रण में ले रहा है. फिलहाल प्रशासनिक पुजारी के माध्यम से पूजा और राग-भोग कराया जाएगा. धार्मिक न्यास बोर्ड को रिपोर्ट भेजी जा रही है. बोर्ड की ओर से नये महंथ की नियुक्ति के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
डीएम को ज्ञापन देकर प्रशासनिक निगरानी की मांग
बेलबनवा हनुमान मंदिर की व्यवस्था को लेकर पंकज कुमार पांडेय ने पहले जिलाधिकारी समीर सौरभ को ज्ञापन सौंपा था. ज्ञापन में मंदिर की व्यवस्था और पुजारियों के संचालन को लेकर समय-समय पर सामने आने वाली शिकायतों और आरोपों का हवाला देते हुए प्रशासनिक निगरानी की मांग की गयी थी.
ज्ञापन में कहा गया था कि मंदिर की व्यवस्था को लेकर श्रद्धालुओं में असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो रही है और उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं. इसमें नीम करौली, फर्रुखाबाद स्थित हनुमान मंदिर और थावे मां भवानी मंदिर की व्यवस्था का उदाहरण देते हुए बेलबनवा हनुमान मंदिर के संरक्षण और संचालन में भी प्रशासन की उचित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की गयी थी.
वायरल वीडियो पर महंथ ने दी थी सफाई
वायरल वीडियो को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है. वीडियो में महंथ बृजमोहन दास एक बेड पर बैठे नजर आते हैं. उनके सामने एक महिला बैठी दिखती है, जबकि एक युवती बेड पर लेटी हुई दिखाई देती है. वीडियो में महंथ महिला के साथ आपत्तिजनक व्यवहार करते नजर आते हैं. हालांकि, इस वीडियो को लेकर महंथ बृजमोहन दास ने सफाई देते हुए इसे पारिवारिक वीडियो बताया है.
मंदिर की जमीन को लेकर भी ग्रामीणों ने उठाये सवाल
महापंचायत में ग्रामीणों ने मंदिर की जमीन को लेकर भी पुराने विवादों का जिक्र किया. ग्रामीणों के अनुसार बेलबनवा मंदिर के संस्थापक महंथ रामाश्रय दास नागा बाबा ने वर्ष 2006 में अपने शिष्य जयप्रकाश दास को बेलबनवा हनुमान मंदिर की जिम्मेदारी सौंपी थी. ग्रामीणों का आरोप है कि मंदिर की करोड़ों रुपये की जमीन पर भू-माफियाओं की नजर रही है.
ग्रामीणों के अनुसार 18 नवंबर 2024 को महंथ जयप्रकाश दास के खिलाफ कुचायकोट थाना में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद महंथ बृजमोहन दास ने मंदिर पर अपना दावा किया था. इसका स्थानीय लोगों ने विरोध किया था. बाद में प्रशासन ने मंदिर को अपने नियंत्रण में लिया था. ग्रामीणों का दावा है कि धार्मिक न्यास बोर्ड के आदेश के बाद दो जून को आदेश की प्रति आने पर सात जून को मंदिर की जिम्मेदारी बृजमोहन दास को सौंप दी गयी थी. अब वायरल वीडियो के बाद उनके खिलाफ फिर से विरोध शुरू हो गया है.
महापंचायत में बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
महापंचायत का आयोजन जिला परिषद प्रतिनिधि मनीष सिंह की ओर से किया गया था. इस दौरान मुखिया प्रतिनिधि रिंकू तिवारी, धीरज सिंह, बीडीसी बागीश सिंह, विपुल सिंह, सोनू सिंह, कुणाल सिंह, निलेश कुमार मिश्रा, झुना दुबे, मनोज दुबे, सासामुसा सरपंच, आदित्य सिंह, युगल किशोर साह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. मंदिर परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस के जवान भी तैनात रहे.






आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए