गोपालगंज में कोचिंग के लिए निकली 16 वर्षीय छात्रा लापता, दोपहर तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने थाने में दिया आवेदन
AI से बनाई गई तस्वीर
विजयीपुर थाना क्षेत्र से कोचिंग पढ़ने गई 16 वर्षीय छात्रा अचानक लापता हो गई है. दोपहर तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. उन्होंने पुलिस से छात्रा की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है.
Gopalganj News : विजयीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से कोचिंग पढ़ने के लिए निकली 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है. छात्रा के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद छात्रा के पिता ने विजयीपुर थाने में आवेदन देकर पुलिस से उसकी सकुशल बरामदगी की गुहार लगायी है. परिजनों ने छात्रा के साथ किसी अनहोनी की आशंका भी जतायी है.
ई-रिक्शा से सुबह 10 बजे निकली थी छात्रा
छात्रा के पिता के अनुसार उनकी 16 वर्षीय पुत्री 12 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे विजयीपुर में कोचिंग पढ़ने के लिए ई-रिक्शा से घर से निकली थी. दोपहर करीब एक बजे तक जब वह वापस घर नहीं पहुंची, तो परिजनों को चिंता हुई. इसके बाद परिवार के लोग उसकी तलाश में जुट गये.
कोचिंग सेंटर पहुंचने पर नहीं मिली छात्रा
परिजनों ने विजयीपुर पहुंचकर संबंधित कोचिंग सेंटर के संचालक से छात्रा के बारे में जानकारी ली. संचालक ने बताया कि छात्रा उस दिन कोचिंग पढ़ने के लिए पहुंची ही नहीं थी. इसके बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गयी.
गांव से रिश्तेदारों तक की गयी खोजबीन
छात्रा के परिजनों ने गांव और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की. रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी जानकारी ली गयी, लेकिन कहीं से छात्रा का पता नहीं चल सका. काफी प्रयास के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो पिता ने पुलिस को लिखित आवेदन दिया.
पुलिस ने शुरू की छात्रा की तलाश
पिता ने विजयीपुर थाने में आवेदन देकर मामले की जांच करते हुए उनकी पुत्री को सकुशल बरामद करने की मांग की है. परिजनों का कहना है कि छात्रा के अचानक गायब होने से पूरा परिवार परेशान है और किसी अनहोनी की आशंका को लेकर चिंतित है. पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर छात्रा की तलाश में जुटी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए