गया जी : बेटी की शादी की तैयारी में जुटी थी मां, घर का ताला तोड़ 4.75 लाख के जेवर-नकदी ले उड़े चोर
चोरी के बाद बिखरा सामान। | Prabhat Khabar Network
गया जी के फतेहपुर में चोरों ने एक ही रात दो घरों को निशाना बनाया. अफसाना खातून और उनकी बहन लाडली खातून के घरों से करीब 4.75 लाख रुपये की नकदी, जेवर और शादी का सामान चोरी हो गया. घटना से पीड़ित परिवारों में हड़कंप मचा हुआ है.
Fatehpur Theft News (अरविंद कुमार) : गया जी के फतेहपुर थाना क्षेत्र के शाहपोखर गांव में चोरों ने एक ही रात दो घरों को अपना निशाना बनाते हुए नकदी, जेवरात और शादी के लिए रखे सामान समेत करीब 4.75 लाख रुपये की संपत्ति की चोरी कर ली है, जिससे पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
आपके शहर में
अफसाना खातून के घर से नकदी और जेवरात की चोरी
घटना को लेकर अफसाना खातून ने फतेहपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने बताया कि वह शनिवार की देर रात ताला लगाकर अपने बच्चों के साथ पास ही स्थित चाचा के घर सोने गई थीं, इसी दौरान चोरों ने मुख्य दरवाजे और बक्से का ताला तोड़कर बेटी की शादी के लिए रखा एक लाख नकद, सोने का ब्रेसलेट और चांदी के जेवरात समेत करीब 2.50 लाख रुपये का सामान चुरा लिया.
बहन लाडली खातून के घर भी हुई बड़ी चोरी
इधर, चोरों ने अफसाना खातून की बहन लाडली खातून के घर को भी निशाना बनाया और मुख्य दरवाजे व अलमारी का ताला तोड़कर करीब 2,000 रुपये नकद, 20 तोला चांदी के जेवर, 10 तोला सोने की अंगूठी, चार ब्रेसलेट, कान की बाली, पीतल के बर्तन और जरूरी कागजात समेत लगभग 2.25 लाख रुपये की संपत्ति चुरा ली.
सुबह लौटने पर हुई घटना की जानकारी
रविवार की सुबह जब अफसाना खातून अपने घर लौटीं, तो उन्होंने मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ पाया. अंदर जाने पर बक्से का ताला टूटा मिला और सारा सामान गायब था, जिसके बाद इसी तरह उनकी बहन के घर में भी चोरी होने का पता चला और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई.

थानाध्यक्ष ने दी मामले में कार्रवाई की जानकारी
इस घटना के संबंध में थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और गहराई से छानबीन की जा रही है. चोरों की पहचान करने तथा चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार आवश्यक कार्रवाई कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए