गया जी : चलती ट्रेन से गिरा यात्री का बैग, RPF ने खोजकर लौटाया, 34 हजार का सामान सुरक्षित मिला

Updated:
विज्ञापन
चलती ट्रेन से गिरा यात्री का बैग, आरपीएफ गया ने सुरक्षित लौटाया

सामान लौटाते आरपीएफ के जवान | Prabhat Khabar Network

Gaya Ji News : गया जी में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने 'ऑपरेशन अमानत' के तहत एक यात्री का चलती ट्रेन से गिरा बैग ढूंढ निकाला. बैग में 34 हजार रुपये के कीमती सामान थे. आरपीएफ ने पूरी प्रक्रिया के बाद उसे मालिक को सौंप दिया.

विज्ञापन

Gaya Ji News : गया जी में 'ऑपरेशन अमानत' के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने बुधवार को उत्कृष्ट ईमानदारी और तत्परता का परिचय देते हुए चलती ट्रेन से अचानक गिरा एक यात्री का बैग सुरक्षित ढूंढकर उसके असली मालिक को सौंप दिया. बरामद किए गए इस बैग में रखे विभिन्न सामानों की अनुमानित कीमत करीब 34 हजार रुपये बतायी गयी है.

इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव ने बताया कि सहायक उप निरीक्षक रणधीर कुमार अपनी विशेष टीम के साथ गया स्टेशन के मेन लाइन क्षेत्र में नियमित गश्त कर रहे थे. इसी दौरान एआरटी वैन के पास रेलवे लाइन के किनारे एक ग्रे रंग का पिट्ठू बैग लावारिस हालत में पड़ा हुआ मिला.

लावारिस बैग की तलाशी में मिले जरूरी दस्तावेज

आसपास के क्षेत्र में काफी तलाश करने के बाद भी जब उस लावारिस बैग का कोई दावेदार मौके पर नहीं मिला, तो सुरक्षा नियमों के तहत आरपीएफ टीम द्वारा बैग की गहनता से तलाशी ली गयी. बैग को खोलने पर उसमें से नोकिया कंपनी का एक कीपैड मोबाइल, सरकारी पहचान पत्र, निर्वाचन पहचान पत्र, दो छोटे लेडीज पर्स, एक धातु की चमकीली अंगूठी और 1,309 रुपये नकद बरामद हुए.

बैग में मिले मोबाइल फोन का सिम पूरी तरह से सक्रिय होने के कारण, उस पर लगातार आ रही एक इनकमिंग कॉल के माध्यम से बैग के मूल मालिक से तुरंत संपर्क साधा गया.

आवश्यक सत्यापन के बाद सुरक्षित लौटाया सामान

कॉल पर बात होने के बाद बैग के मालिक ने अपनी पहचान सौरभ कुमार (39 वर्ष), निवासी मच्छरहट्टा, पटना सिटी के रूप में बतायी और आरपीएफ को जानकारी दी कि यात्रा के दौरान चलती ट्रेन से उनका यह बैग अचानक नीचे गिर गया था. इसके बाद आरपीएफ टीम द्वारा उस बैग को आरपीएफ पोस्ट गया लाकर पूरी सुरक्षा के साथ रखा गया.

बुधवार को पीड़ित यात्री के गया पोस्ट पर पहुंचने के बाद, सभी आवश्यक प्रशासनिक सत्यापन की प्रक्रिया को पूरा करके उनका बैग और उसमें रखा पूरा सामान सुरक्षित लौटा दिया गया. अपना खोया हुआ कीमती सामान सही-सलामत वापस मिलने पर पीड़ित यात्री ने आरपीएफ टीम का सहृदय आभार व्यक्त किया.

Also Read : गया जी के 7 प्रखंडों में नए डिग्री कॉलेजों का उद्घाटन, आज से शुरू होगी पढ़ाई, जानें किन क्षेत्रों को मिला लाभ


विज्ञापन
Rohit Kumar Singh

लेखक के बारे में

By Rohit Kumar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन