गया : दुकान बंद कर घर लौट रहा था स्वर्ण कारोबारी, बरैनी के पास अपराधियों ने रोककर लूटा
सांकेतिक तस्वीर
गया जी के नीमचक बथानी में अपराधियों ने सोना-चांदी के दुकानदार को निशाना बनाया. बरैनी गांव के पास हुई इस लूटपाट की घटना के बाद इलाके में दहशत है. पुलिस गिरफ्तारी के लिए तेजी से जांच कर रही है.
गया जी के नीमचक बथानी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर दुस्साहस दिखाते हुए एक सोना-चांदी के दुकानदार को अपना निशाना बनाया और लूट की बड़ी घटना को अंजाम दिया. यह सनसनीखेज वारदात थाना क्षेत्र के बरैनी गांव के समीप की बताई जा रही है.
इस दुस्साहसिक घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और व्यवसायियों में दहशत का माहौल है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया और वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लूट का शिकार हुआ स्वर्ण व्यवसायी मूल रूप से राजगीर का रहने वाला है और करू बिगहा बाजार में अपनी सोना-चांदी की दुकान संचालित करता है. वह प्रतिदिन की भांति शाम को अपनी दुकान बंद कर और सोने-चांदी के सामान लेकर राजगीर स्थित अपने घर लौट रहा था.
इसी दौरान बरैनी गांव के समीप घात लगाए बैठे अपराधियों ने उसे रास्ते में रोक लिया और हथियार के बल पर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार होने में सफल रहे.
वरीय अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. एसएसपी सुशील कुमार के विशेष निर्देश पर ग्रामीण एसपी दिव्यांजलि जायसवाल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं. उनके साथ नीमचक बथानी के डीएसपी, अंचल निरीक्षक, थानाध्यक्ष और अन्य पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे.
अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए उसका बारीकी से निरीक्षण किया तथा स्थानीय स्तर पर घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई.
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल की भौगोलिक स्थिति को समझने के साथ-साथ लूट की इस वारदात से जुड़े विभिन्न तकनीकी और पारंपरिक पहलुओं की गहन जांच की. इस दौरान संबंधित पुलिस पदाधिकारियों से अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी लेते हुए अनुसंधान की प्रगति की भी उच्च स्तरीय समीक्षा की गई.
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज
वरीय अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों को इस ब्लाइंड केस का शीघ्र उद्भेदन करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और अपराधियों की धरपकड़ के लिए कई महत्वपूर्ण टास्क सौंपे.
इस संबंध में थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए वैज्ञानिक अनुसंधान किया जा रहा है. घटना में शामिल शातिर अपराधियों की पहचान कर उन तक पहुंचने और लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए सभी संभावित बिंदुओं पर तेजी से छापेमारी और कार्रवाई की जा रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए