स्कूल भवन की छत ढलाई का काम रोका
Published by : KANCHAN KR SINHA Updated At : 16 Mar 2026 5:49 PM
श्रीरामपुर बीटी बिगहा विद्यालय का मामला
श्रीरामपुर बीटी बिगहा विद्यालय का मामला एस्टीमेट के अनुसार काम कराने की मांग प्रतिनिधि, शेरघाटी. शेरघाटी प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय श्रीरामपुर बीटी बिगहा में निर्माणाधीन नये विद्यालय भवन की छत ढलाई का काम एक बार फिर ग्रामीणों ने रोक दिया है. ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में एस्टीमेट के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा है, जिससे भवन की मजबूती पर सवाल खड़े हो गये हैं. ग्रामीण सुबोध कुमार सिंह, रमाकांत सिंह, कृष्णा सिंह, शत्रुघ्न सिंह, रामप्रीत साव, मुन्ना सिंह और जयप्रकाश सिंह समेत अन्य लोगों ने बताया कि छत की ढलाई में संवेदक द्वारा निर्धारित मानक का पालन नहीं किया जा रहा है. उनका कहना है कि एस्टीमेट के अनुसार ढलाई में 10 एमएम का सरिया लगाया जाना चाहिए, लेकिन संवेदक द्वारा आठ एमएम का सरिया लगाकर काम कराया जा रहा है. इसी कारण पिछले सप्ताह भी ग्रामीणों ने कार्य को रोक दिया था. ग्रामीणों का आरोप है कि बिना कमी दूर किये ही पुनः ढलाई का कार्य शुरू कर दिया गया. इसे देखकर लोगों ने दोबारा काम रोक दिया है. उन्होंने कहा कि जब भवन तीन मंजिला बनना है, तो आठ एमएम छड़ के सहारे इसकी मजबूती पर सवाल उठना स्वाभाविक है. ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और अधिकारियों से मामले की जांच कर मानक के अनुरूप निर्माण काम कराने की मांग की है. ग्रामीणों ने बताया कि आधी छत की ढलाई पहले ही आठ एमएम छड़ के सहारे कर दी गयी है. उनका कहना है कि विद्यालय भवन बार-बार नहीं बनता और यहां बच्चे पढ़ते हैं, इसलिए भवन मजबूत और सुरक्षित होना चाहिए. ग्रामीणों की शिकायत के बाद संवेदक एस आलम ने फोन पर बताया कि ग्रामीणों की मांग के अनुसार ढलाई कार्य कराया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










