गया जी : 25 मॉडल स्कूलों का एक साथ होगा उद्घाटन, डीइओ कृष्ण मुरारी गुप्ता ने तैयारियों का लिया जायजा

Updated:
विज्ञापन
प्लस टू जिला स्कूल का निरीक्षण करते डीइओ | Prabhat Khabar Network

प्लस टू जिला स्कूल का निरीक्षण करते डीइओ | Prabhat Khabar Network

शिक्षा विभाग गया जी में 25 मॉडल स्कूलों के प्रभावी संचालन की तैयारी में है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी राज्य भर के चयनित मॉडल स्कूलों का ऑनलाइन उद्घाटन करेंगे. इन स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं पर विशेष जोर दिया जाएगा.

विज्ञापन

Gaya Ji News : गया जी जिले में चयनित मॉडल स्कूलों के प्रभावी संचालन की दिशा में शिक्षा विभाग ने अपनी तैयारियां काफी तेज कर दी हैं. इसी क्रम में शनिवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीइओ) कृष्ण मुरारी गुप्ता सहित डीपीओ व अन्य अधिकारियों ने अंतिम रूप से तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया.

डीइओ ने शहर के प्लस टू जिला स्कूल का गहन निरीक्षण किया और वहां की प्राचार्य सरिता कुमारी के साथ विशेष बैठक कर विभिन्न आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली. पटना से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के द्वारा राज्य के विभिन्न प्रखंडों में चयनित मॉडल स्कूलों का एक साथ ऑनलाइन उद्घाटन किया जायेगा.

प्लस टू जिला स्कूल में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार व जिलाधिकारी (डीएम) की गरिमामयी मौजूदगी रहेगी, वहीं अन्य मॉडल स्कूलों में दूसरे जनप्रतिनिधि उद्घाटन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे.

आधुनिक सुविधाएं और लक्ष्य

इस प्लस टू जिला स्कूल में वर्तमान में करीब 1400 बच्चे नामांकित हैं. इन मॉडल स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की मुख्य प्राथमिकता है.

इसके तहत विद्यार्थियों को स्कूल लेवल से ही नीट (NEET), जेईई (JEE) व अन्य सभी महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए विशेष रूप से तैयार किया जायेगा. इसके साथ ही, विभाग की ओर से बाद में चयनित किए गए चार अन्य मॉडल स्कूलों क्रमशः महावीर इंटर स्कूल, टी मॉडल प्लस टू स्कूल, प्लस टू हाई स्कूल चंदौती व राजकीय कन्या उच्च विद्यालय रमना का उद्घाटन दूसरे फेज (चरण) में किया जायेगा.

इन 25 मॉडल विद्यालयों का होगा उद्घाटन

जिले के विभिन्न प्रखंडों में कुल 25 मॉडल विद्यालयों का उद्घाटन होना है. इसकी सूची के अनुसार, नगर प्रखंड में प्लस टू जिला स्कूल गयाजी शहर का चयन हुआ है. इसके अलावा चाकंद में उच्च माध्यमिक विद्यालय चाकंद, अतरी में गुलाबचंद हाई स्कूल गोविंदपुर, आमस में उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय श्यामकला और मानपुर में उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय शादीपुर शामिल हैं. इमामगंज प्रखंड में पब्लिक हाई स्कूल रानीगंज, फतेहपुर में प्रोजेक्ट कन्या हाई स्कूल फतेहपुर, गुरारू में उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय मंझार पहरा, बांके बाजार में उत्क्रमित उच्च विद्यालय भलुहार और टिकारी में उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय डिहुरा को मॉडल स्कूल बनाया गया है.

गुरुआ प्रखंड में उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय रघुनाथ खाप, परैया में हाई स्कूल परैया, डोभी में उच्च माध्यमिक विद्यालय घोड़ाघाट, बाराचट्टी में हाई स्कूल सुलेबट्टा और शेरघाटी में उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय नकनुपा का चयन किया गया है. बोधगया में हाई स्कूल बोधगया, नीमचक बथानी में उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय बंदी, वजीरगंज में एसआर हाई स्कूल वजीरगंज, खिजरसराय में जनता हाई स्कूल करपी और बेलागंज में अग्रवाल उच्च विद्यालय इस सूची में शामिल हैं. इसके साथ ही, मोहनपुर में हाई स्कूल मोहनपुर, डुमरिया में जनता हाई स्कूल, मोहड़ा में एमकेजी हाई स्कूल सेवतर, कोंच में उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय काबर और टनकुप्पा में एसएसआरबी हाई स्कूल का उद्घाटन किया जाना है.



विज्ञापन
Haribansh Kumar

लेखक के बारे में

By Haribansh Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन