शेरघाटी में सड़क किनारे से हटेंगी 300 फुटपाथी दुकानें, नगर परिषद ने जारी किया नोटिस; दुकानदारों को मिलेगी वैकल्पिक जगह
सड़क के किनारे लगे दुकानों को हटाने का निर्देश देते एसडीओ जतिन कुमार
शहर में जाम की समस्या को खत्म करने के लिए नगर परिषद ने करीब 300 फुटपाथी दुकानों को हटाने की कवायद शुरू कर दी है. दुकानदारों को जल्द ही वैकल्पिक जगह उपलब्ध कराई जाएगी.
Footpath Shops: शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर परिषद ने सड़क किनारे लगी करीब 300 फुटपाथी दुकानों को हटाने की कवायद शुरू कर दी है. नगर कार्यपालक पदाधिकारी के हस्ताक्षर से दुकानदारों को नोटिस जारी कर सड़क के किनारे से दुकानें हटाने का निर्देश दिया गया है. नगर परिषद की ओर से माइकिंग कराकर भी दुकानदारों को जागरूक किया जा रहा है.
सड़क किनारे दुकानें लगने से बढ़ रही जाम की समस्या
नोटिस में कहा गया है कि सड़क किनारे दुकानें लगने से आये दिन जाम की स्थिति उत्पन्न होती है. इससे आम लोगों के साथ स्कूल बसों और एंबुलेंस को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है. इसी को देखते हुए सड़क किनारे से फुटपाथी दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू की गयी है.
एसडीओ ने दुकानदारों से खुद दुकान हटाने की अपील की
एसडीओ जतिन कुमार भी मौके पर पहुंचे और फुटपाथी दुकानदारों से स्वयं दुकान हटाने की अपील की. उन्होंने कहा कि दुकानदार खुद दुकान हटा लेंगे, तो उनका सामान सुरक्षित रहेगा. प्रशासन द्वारा दुकान हटाये जाने पर नुकसान के साथ जुर्माना भी देना पड़ सकता है.
ई-रिक्शा और ऑटो के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था
एसडीओ ने बताया कि ई-रिक्शा और ऑटो के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है. वहीं, फुटपाथी दुकानदारों को भी व्यवस्थित तरीके से जगह उपलब्ध कराने की तैयारी चल रही है. इसके लिए नगर परिषद की ओर से माइकिंग कराकर दुकानदारों को जागरूक किया जा रहा है और नोटिस भी दिये गये हैं.

एक सप्ताह में वैकल्पिक व्यवस्था पूरी करने की तैयारी
एसडीओ ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर वैकल्पिक व्यवस्था पूरी कर दुकानदारों को व्यवस्थित किया जायेगा. इसके बाद भी सड़क किनारे दुकान लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी और जुर्माना वसूला जायेगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए