गया जी: पंचायत समिति की बैठक में गूंजीं समस्याएं, जाम, अतिक्रमण और गंदगी का मुद्दा छाया

Author Sumit Kumar|Edited by Rajeev Kumar
Updated:
विज्ञापन

बैठक में शामिल अधिकारी व अन्य | Prabhat Khabar Network

गुरारू पंचायत समिति की बैठक में अतिक्रमण, सड़क जाम और गंदगी की समस्याओं पर चर्चा हुई. अधिकारियों ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया है.

विज्ञापन

Gaya ji News : गुरारू प्रखंड मुख्यालय स्थित सर्वोदय विद्या मंदिर हाईस्कूल के सभागार में गुरुवार को आयोजित पंचायत समिति की बैठक में क्षेत्र की जनसमस्याओं पर गंभीर मंथन हुआ। बैठक में गुरारू बाजार में बढ़ते अतिक्रमण, सड़क जाम, ऑटो स्टैंड की आवश्यकता, विद्यालय मार्ग पर फैली गंदगी, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास योजनाओं से जुड़े कई मुद्दे उठाए गए। अधिकारियों ने सभी समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

आपके शहर में

विज्ञापन

अतिक्रमण और जाम से लोगों की बढ़ी परेशानी

प्रखंड प्रमुख उर्मिला देवी की अध्यक्षता एवं बीडीओ संभव कुमार सिंह के संचालन में हुई बैठक में पंचायत समिति सदस्य पवन वर्मा ने गुरारू और मथुरापुर बाजार में बढ़ते अतिक्रमण का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि सड़क किनारे नालों के ऊपर दुकानें और अस्थायी ढांचे बना दिए जाने से सड़क संकरी हो गई है. इसके कारण रोजाना जाम की स्थिति बनती है और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है.

ऑटो स्टैंड बनाने की उठी मांग

पवन वर्मा ने कहा कि बाजार में सड़क किनारे बेतरतीब खड़े ऑटो और अन्य वाहनों के कारण जाम की समस्या और गंभीर हो गई है. उन्होंने गुरारू बाजार में व्यवस्थित ऑटो स्टैंड बनाने की मांग की, ताकि यातायात सुचारु हो सके. उन्होंने यह भी कहा कि जाम के कारण कई बार एंबुलेंस और स्कूली वाहन भी फंस जाते हैं, जिससे मरीजों और छात्रों को परेशानी होती है.

विद्यालय मार्ग पर कूड़े के अंबार से नाराजगी

पंचायत समिति सदस्य अनिल साव ने गुरारू स्थित अलखदेव मध्य विद्यालय के मुख्य मार्ग पर फैली गंदगी का मुद्दा उठाया. उन्होंने बताया कि बाजार का अधिकांश कूड़ा-कचरा विद्यालय जाने वाले रास्ते पर फेंका जाता है, जिससे वहां दुर्गंध और अस्वच्छता का माहौल बना रहता है. ऐसे में छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन गंदगी के बीच होकर विद्यालय जाना पड़ता है.

अधिकारियों ने कार्रवाई का दिया भरोसा

बैठक में मौजूद अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया. बैठक में एमओ चंदन कुमार, सीडीपीओ कुमारी वंदना सिंह, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रंजीत कुमार, थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार, मुखिया बिनोद यादव, नागिना चौधरी, पंचायत समिति सदस्य पप्पू गोस्वामी, दुर्गा पासवान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन