गया जी : कंबाइन हार्वेस्टर दिलाने के नाम पर 8.30 लाख लेने का आरोप, मशीन नहीं मिली; चेक भी हुआ बाउंस
भभुआ के किसान से कंबाइन हार्वेस्टर खरीद के नाम पर 8.30 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. डील फाइनल होने के बाद न मशीन मिली और न ही पैसे वापस. आरोपी पर चेक बाउंस कराने और धमकी देने का आरोप है.
Gaya Ji News : फल्गु नदी सिक्स लेन ब्रिज पास मेसर्स जय माता दी ट्रेडर्स के प्रोपराइटर पर मुफस्सिल थाने में भभुआ कैमूर जिले के पीड़ित किसान राहुल कुमार ने कंबाइन हार्वेस्टर खरीद-बिक्री के नाम पर धोखा देने व 8.30 लाख रुपए ठगी करने का लिखित आवेदन दिया है.
पीड़ित राहुल ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से (भभुआ) कैमूर जिले के मोहनिया थाना अंतर्गत भरखर गांव का रहने वाला है.
ऑनलाइन संपर्क व डील
पीड़ित ने ऑन लाइन वेबसाइट के जरिए गयाजी शहर में एन एच 82 पर स्थित जय माता दी ट्रेडर्स के प्रोपराइटर अशोक कुमार सिंह से मोबाइल नंबर पर सम्पर्क कर कंबाइन हार्वेस्टर खरीदने की बात की थी.
उसने मॉडल के आधार पर बातचीत पूरी की और अग्रिम जमा राशि के तौर पर अलग-अलग तिथियों में बैंक खाते से 8.30 लाख रुपये का ट्रांजेक्शन किया.
चेक बाउंस व धमकी
भुगतान के बाद भी उसे समय पर हार्वेस्टर नहीं दिया गया. जब पैसे मांगे गए तो कंपनी ने उसे चेक दिया, जो बैंक में बाउंस कर गया. इसके बाद जब उसने दोबारा पैसा वापस मांगा तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई और फर्जी तरीके से ठगी को अंजाम दिया गया.
मुफस्सिल थाने में गुहार
पीड़ित किसान ने मुफस्सिल थाने में लिखित तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है. प्राप्त आवेदन के आधार पर पुलिस मामले की गहनता से तहकीकात में जुट गई है.
प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि फर्जी कंपनी चलाने और पैसे गबन करने के इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए