गया जी जिला किड्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 350 बच्चों ने दिखाया दम, डॉ. प्रेम कुमार ने बढ़ाया उत्साह

Updated:
विज्ञापन
किड्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का हौसला अफजाई करते विधानसभा अध्यक्ष व अपने लक्ष्य की ओर दौड़ते बच्चे | Prabhat Khabar Network

किड्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का हौसला अफजाई करते विधानसभा अध्यक्ष | Prabhat Khabar Network

गया ज़िले के 350 नन्हे एथलीटों ने किड्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अपना जलवा बिखेरा. चार से 12 साल के बच्चों ने दौड़, कूद और थ्रो में शानदार प्रदर्शन किया. मुख्य अतिथि बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने खेल संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर दिया.

विज्ञापन

गया जी के गांधी मैदान स्थित हरिहर सुब्रमण्यम स्टेडियम में शनिवार को गया जिला एथलेटिक्स संघ के तत्वावधान में आयोजित गया जिला किड्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप उत्साह और खेल भावना के माहौल में संपन्न हुई. प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए करीब 350 नन्हे खिलाड़ियों ने दौड़, कूद और थ्रो स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया.

चार से 12 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों ने पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया. उनकी ऊर्जा, खेल भावना और बेहतरीन प्रदर्शन से पूरे स्टेडियम में उत्सव जैसा माहौल रहा. अभिभावकों और दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से खिलाड़ियों का लगातार उत्साहवर्धन किया.

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार तथा गया जिला ओलंपिक संघ के संरक्षक डॉ. नवनीत निश्चल का स्वागत गया जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष मोती करीमी ने बुके व वस्त्र भेंट कर किया. डॉ. प्रेम कुमार ने मैदान में जाकर बच्चों से मुलाकात की, उनका परिचय प्राप्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.

View on Instagram

गया जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव जितेंद्र कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य कम उम्र से ही बच्चों में खेल संस्कृति विकसित करना और एथलेटिक्स के प्रति रुचि बढ़ाना है. उन्होंने सफल आयोजन के लिए खिलाड़ियों, अभिभावकों, विद्यालयों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और आयोजन समिति के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया. पूरे दिन चले इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि "मोबाइल छोड़ो, मैदान से जुड़ो- स्वस्थ बचपन, सशक्त भारत".

विभिन्न आयु वर्ग के परिणाम और फाइनलिस्ट

  • अंडर-12 बालिका बैक थ्रो में मोनिका ने जीता स्वर्ण: अंडर-12 बालिका वर्ग की बैक थ्रो स्पर्धा में सीनियर दिल्ली स्कूल, खिजरसराय की मोनिका कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया. गार्डियन पब्लिक स्कूल, चेरकी की मुस्कान ने रजत और शबरीन खातून ने कांस्य पदक हासिल किया.
  • अंडर-6 बालिका 30 मीटर दौड़ के फाइनलिस्ट घोषित: अंडर-6 बालिका वर्ग की 30 मीटर दौड़ के फाइनल के लिए अपेक्षा रानी, दीक्षिता भट्ट, ईशिका कुमारी (स्मार्ट किड्स गैलेक्सी स्कूल), सान्वी सिंह, आर्या अग्रवाल (सीनियर दिल्ली स्कूल), पराह्या (महाबोधि ट्री स्कूल) एवं शिवानी राय (होली पब्लिक स्कूल) ने अगले चरण के लिए जगह बनाई.
  • अंडर-8 बालक वर्ग में चार खिलाड़ी अगले दौर में: अंडर-8 बालक वर्ग में हर्ष कुमार और युवराज (होली पब्लिक स्कूल), रामबली (दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल) तथा अली खान (गार्डियन पब्लिक स्कूल, चेरकी) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया.

बच्चों को खेलों से जोड़ना समय की जरूरत : डॉ. प्रेम कुमार

बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बच्चों के स्वस्थ, अनुशासित और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का प्रभावी माध्यम हैं. उन्होंने कहा कि खेल हमें केवल जीतना नहीं सिखाते बल्कि बच्चों में संघर्ष की भावना, अनुशासन, टीमवर्क और चुनौतियों से सीखने की क्षमता विकसित करते हैं. आज के नन्हें खिलाड़ी ही भविष्य में बिहार और देश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे.

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों को नई पहचान मिली है. खेलो इंडिया जैसी योजनाओं ने लाखों युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया है. वहीं बिहार सरकार भी खेल अवसंरचना के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है.

उन्होंने कहा कि ज्ञान और आध्यात्मिक विरासत के लिए प्रसिद्ध गया अब खेल प्रतिभाओं का भी मजबूत केंद्र बने, इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे.

उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों के लिए भी प्रेरित करने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है. अंत में उन्होंने जिला प्रशासन, खेल विभाग, आयोजकों और प्रशिक्षकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी.

Also Read : गया जी में निगमकर्मियों की हड़ताल से बढ़ा संकट, शहर में कचरे का अंबार; जलापूर्ति बाधित होने पर DM ने दिए FIR के निर्देश


विज्ञापन
Haribansh Kumar

लेखक के बारे में

By Haribansh Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन