गया जी के कासिमी हाईस्कूल में नामांकन-शिक्षक नियुक्ति में गड़बड़ी का आरोप, जांच की मांग
कासिमी हाईस्कूल फाइल तस्वीर
गया जी के कासिमी हाईस्कूल में कथित अनियमितताओं को लेकर जिला पदाधिकारी से जांच और कार्रवाई की मांग की गई है. स्कूल परिसर में अवैध निजी स्कूल संचालन और वित्तीय गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगे हैं.
गया जी के दुर्गाबाड़ी रोड स्थित +2 कासिमी उच्च विद्यालय में कथित अनियमितताओं को लेकर जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर को आवेदन देकर जांच और कार्रवाई की मांग की गयी है. जदयू के शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव मो शाहिद हुसैन उर्फ मिस्टर राइन ने डीइओ, मगध प्रमंडल आरडीडीइ से भी आरोप की जांच कर कार्रवाई की मांग की है.
अवैध स्कूल संचालन का आरोप
विद्यालय की प्रबंध कार्यकारिणी समिति के सचिव पर कई गंभीर आरोप लगाये गये हैं. आवेदन में कहा गया है कि विद्यालय परिसर में ही निजी रूप से नर्सरी से आठवीं कक्षा तक विद्यालय संचालित किया जा रहा है.
आरोप है कि इसके लिए आवश्यक यू-डायस कोड और मान्यता से संबंधित प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया है. साथ ही, प्री-कासिमी स्कूल से पढ़ने वाले विद्यार्थियों का कथित रूप से टीसी तैयार कर उन्हें कक्षा नौ में नामांकन दिया जाता है. इस संबंध में वर्ष 2026 में कक्षा नौ में नामांकित विद्यार्थियों की सूची भी संलग्न किये जाने की बात कही गयी है.
नियुक्ति व वित्तीय अनियमितता
आवेदन में प्री-कासिमी स्कूल में शिक्षकों की नियुक्ति व वित्तीय गतिविधियों को प्रबंध कार्यकारिणी समिति के समक्ष नहीं रखने तथा बिना निविदा निजी सहयोगियों से कार्य कराने का भी आरोप लगाया गया है. हाल में पांच शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया रद्द करने और दोबारा नियुक्ति प्रक्रिया में चयनित अभ्यर्थियों में से केवल एक को योगदान कराने का आरोप भी लगाया गया है.
बाइलॉज के उल्लंघन का आरोप
इसके अलावा आवेदन में सचिव पर विद्यालय के बाइलॉज के विपरीत करीब 10 वर्षों से पद पर बने रहने का आरोप लगाया गया है.
उनकी कथित संपत्तियों की भी जांच कराने की मांग की गयी है. जदयू नेता ने डीएम से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाये जाने वालों पर कार्रवाई करने का अनुरोध किया है.
डीइओ ने दिया जांच का आश्वासन
मामले के संबंध में डीइओ कृष्ण मुरारी गुप्ता ने बताया कि +2 कासिमी उच्च विद्यालय में अनियमितताओं व अन्य आरोपों को लेकर आवेदन मिला है. इसकी जांच की जायेगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए