पंचायत समिति की बैठक में छाया रहा गुरारू बाजार में अतिक्रमण व सड़क जाम का मुद्दा

Author Sumit Kumar|Edited by Janardan Pandey
Updated:
विज्ञापन

बैठक में शामिल अधिकारी व अन्य | Prabhat Khabar Network

गुरारू पंचायत समिति की बैठक में बाजार में बढ़ते अतिक्रमण, सड़क जाम और गंदगी की समस्या पर अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।

विज्ञापन

प्रतिनिधि, गुरारू सर्वोदय विद्या मंदिर हाई स्कूल के सभागार में गुरुवार को पंचायत समिति की बैठक प्रखंड प्रमुख उर्मिला देवी की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक का संचालन बीडीओ संभव कुमार सिंह ने किया. बैठक में प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई. इस दौरान अतिक्रमण, सड़क जाम, ऑटो स्टैंड, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य विकास योजनाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए गए. बैठक में पंचायत समिति सदस्य पवन वर्मा ने गुरारू एवं मथुरापुर बाजार में बढ़ते अतिक्रमण और उससे उत्पन्न होने वाली सड़क जाम की समस्या को गंभीर बताते हुए अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि गुरारू बाजार में सड़क के दोनों किनारों पर नालों के ऊपर अतिक्रमण कर दुकानें और अस्थायी ढांचे बना दिए गए हैं, जिससे सड़क काफी छोटा हो गई है. इसके कारण हर दिन राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. पवन वर्मा ने कहा कि अतिक्रमण की वजह से एंबुलेंस, स्कूली बसें और अन्य बड़े वाहन अक्सर जाम में फंस जाते हैं. कई बार मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी देरी होती है, जो गंभीर चिंता का विषय है. उन्होंने गुरारू बाजार में व्यवस्थित ऑटो स्टैंड बनाने की भी मांग की, ताकि सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिल सके. वहीं, पंचायत समिति सदस्य अनिल साव ने शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा उठाते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी का ध्यान गुरारू स्थित अलखदेव मध्य विद्यालय के मुख्य मार्ग पर फैली गंदगी की ओर आकर्षित कराया. उन्होंने कहा कि विद्यालय जाने वाले रास्ते पर गुरारू बाजार का अधिकांश कूड़ा-कचरा फेंका जाता है, जिससे पूरे क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध का माहौल बना रहता है. ऐसे हालात में छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन उसी रास्ते से होकर विद्यालय जाने को मजबूर होना पड़ता है. बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया. बैठक में बैठक में एमओ चंदन कुमार, सीडीपीओ कुमारी वंदना सिंह, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रंजीत कुमार, थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार, मुखिया बिनोद यादव, नागिना चौधरी, पंचायत समिति पप्पू गोस्वामी, दुर्गा पासवान समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन