गया रेलवे स्टेशन पर बेंच पर छूटे दो मोबाइल, आरपीएफ ने यात्री को सुरक्षित लौटाये
मोबाइल लौटाते हुए आरपीएफ के जवान | Prabhat Khabar Network
गया रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ जवानों ने ईमानदारी दिखाते हुए एक यात्री के छूटे हुए दो मोबाइल बरामद कर उन्हें सुरक्षित लौटा दिए। यात्री ने आरपीएफ का आभार जताया।
गया जी. रेलवे सुरक्षा बल यानी आरपीएफ पोस्ट गया के जवानों ने ईमानदारी और तत्परता का परिचय देते हुए यात्री के छूटे हुए दो मोबाइल बरामद कर सुरक्षित लौटा दिये. दोनों मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपये बतायी गयी है.
गश्त के दौरान आरपीएफ जवानों की पड़ी नजर
आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव ने बताया कि आरपीएफ के उप निरीक्षक विकास कुमार और आरक्षी शशिशेखर गया रेलवे स्टेशन पर गश्त कर रहे थे. इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 1बी के एक बेंच पर दो मोबाइल लावारिस हालत में पड़े मिले.
यात्रियों से पूछताछ के बाद पोस्ट लाये गये मोबाइल
आरपीएफ जवानों ने आसपास मौजूद यात्रियों से मोबाइल के संबंध में पूछताछ की, लेकिन किसी ने उसे अपना नहीं बताया. इसके बाद दोनों मोबाइल को आरपीएफ पोस्ट गया लाया गया.
फोन आने पर सामने आया मोबाइल मालिक का पता
कुछ समय बाद मोबाइल पर फोन आया. फोन करने वाले ने अपना नाम रति चौधरी, उम्र करीब 35 वर्ष, पिता बिरजा चौधरी, निवासी खरीदी बिगहा, थाना टाउन, नवादा बताया. उन्होंने आरपीएफ को बताया कि वह पत्नी और बच्चों के साथ गया से नवादा जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे थे.
ट्रेन में बैठने के बाद मोबाइल छूटने का चला पता
रति चौधरी ने बताया कि इंतजार के दौरान उनका बच्चा दोनों मोबाइल से खेल रहा था. ट्रेन में सवार होने के बाद उन्हें मोबाइल बेंच पर छूट जाने का एहसास हुआ. इसके बाद उन्होंने मोबाइल के संबंध में आरपीएफ से संपर्क किया.
जांच और पहचान के बाद यात्री को सौंपे मोबाइल
आरपीएफ ने रति चौधरी को पोस्ट पर आकर मोबाइल प्राप्त करने को कहा. सूचना मिलने पर वह अपने परिवार के साथ आरपीएफ पोस्ट गया पहुंचे. आवश्यक जांच-पड़ताल और पहचान सुनिश्चित करने के बाद दोनों मोबाइल सही हालत में उन्हें सुपुर्द कर दिये गये.
मोबाइल वापस मिलने पर यात्री ने जताया आभार
मोबाइल वापस मिलने पर यात्री रति चौधरी ने आरपीएफ गया के प्रति आभार जताया और जवानों को धन्यवाद दिया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए