गया में ट्रांसफार्मर बना ‘आग का गोला’, दिवाली की तरह होते रहे धमाके, 12 घंटे बिजली गुल से लोग बेहाल
ट्रांसफार्मर में लगी आग
शहर के अलीगंज मोहल्ले में गुरुवार देर रात बिजली ट्रांसफार्मर में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग लगने के बाद ट्रांसफार्मर से लगातार दिवाली की तरह धमाके होते रहे.
Gaya News:(रोशन कुमार) शहर के अलीगंज मोहल्ले में गुरुवार देर रात बिजली ट्रांसफार्मर में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग लगने के बाद ट्रांसफार्मर से लगातार दिवाली की तरह धमाके होते रहे. हादसे के बाद करीब 12 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही, जिससे भीषण गर्मी में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
आपके शहर में
ट्रांसफार्मर में आग लगते ही मचा हड़कंप
घटना अलीगंज मोहल्ले के रोड नंबर-13 से 16 के बीच की बताई जा रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार देर रात अचानक ट्रांसफार्मर से चिंगारी निकलने लगी और देखते ही देखते उसमें आग लग गई. आग के दौरान लगातार तेज धमाके होते रहे, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गये.
12 घंटे बिजली गुल, गर्मी में तड़पे लोग
हादसे के बाद पूरे इलाके की बिजली व्यवस्था ठप हो गई. करीब 12 घंटे तक बिजली नहीं रहने के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी झेलनी पड़ी. रातभर लोग गर्मी और उमस से परेशान रहे.
150 घरों में गहराया पानी का संकट
स्थानीय लोगों ने बताया कि बिजली नहीं रहने से लगभग 150 घरों में पानी की समस्या भी खड़ी हो गई. मोटर नहीं चल पाने के कारण लोगों को पेयजल और दैनिक उपयोग के पानी के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
कंट्रोल रूम में फोन करते रहे लोग, नहीं मिला जवाब
मोहल्लेवासियों के अनुसार पूरी रात लोग बिजली विभाग के कंट्रोल रूम में फोन करते रहे, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया. इससे लोगों में विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिली.
मिस्त्री पहुंचे लेकिन बहाल नहीं हो सकी बिजली
काफी देर बाद विभाग के एक अधिकारी से संपर्क होने पर दो मिस्त्री मौके पर पहुंचे. हालांकि काफी प्रयास के बावजूद रातभर बिजली बहाल नहीं हो सकी. इससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई.
क्षमता से कम ट्रांसफार्मर लगाने का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से जरूरत से कम क्षमता वाला ट्रांसफार्मर लगाया गया है. जबकि यहां 200 से अधिक घरों के लिए अधिक क्षमता वाले ट्रांसफार्मर की जरूरत है. लोगों ने कहा कि बार-बार शिकायत के बावजूद विभाग समस्या को नजरअंदाज कर रहा है.
Also Read: गया में बनेगा बिहार का सबसे बड़ा इंडस्ट्रियल हब, डोभी IMC प्रोजेक्ट को मिली करोड़ों की मंजूरी…
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए