टिकारी में जेठ ने छोटे भाई की पत्नी को मारी गोली, हालत नाजुक, पुलिस ने आरोपित को पकड़ा

Updated:
विज्ञापन

प्रतीकात्मक तस्वीर

Gaya News: दो भाइयों के परिवार के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई. इस दौरान एक व्यक्ति ने अपने ही छोटे भाई की पत्नी पर गोली चला दी

विज्ञापन

Gaya News: टिकारी थाना क्षेत्र के पचमहला गांव में शुक्रवार को एक मामूली पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दो भाइयों के परिवार के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई. इस दौरान एक व्यक्ति ने अपने ही छोटे भाई की पत्नी पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई.

आपके शहर में

विज्ञापन

हाथ में लगी गोली, मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती

जानकारी के अनुसार पचमहला गांव निवासी कमलेश शर्मा और उसके छोटे भाई अखिलेश शर्मा का घर अगल-बगल है. शुक्रवार को किसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद शुरू हुआ. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कमलेश शर्मा ने कट्टा निकालकर फायरिंग कर दी. गोली अखिलेश शर्मा की 45 वर्षीय पत्नी रिंकू देवी के हाथ में लगी. घटना के बाद परिजनों ने घायल महिला को अनुमंडलीय अस्पताल टिकारी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया.

ग्रामीणों ने मौके पर ही आरोपित को पकड़ा

गोली चलने की आवाज सुनते ही गांव में अफरातफरी मच गई. हालांकि, वारदात के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपित कमलेश शर्मा को भागने नहीं दिया और मौके पर ही पकड़ लिया. इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया.

कट्टा, कारतूस और खोखा बरामद

घटना की सूचना मिलते ही टिकारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने घटनास्थल से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है. बरामद हथियार को जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है.

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस इन साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच को आगे बढ़ा रही है.

आरोपित से पूछताछ जारी

टिकारी थानाध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. आरोपित कमलेश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

Also Read: गया में ठनका से मृत किसान की पत्नी को 24 घंटे के भीतर मिला मुआवजा, सीएम सम्राट के आदेश का पालन

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन