गया जी-कोडरमा रेलखंड पर दानापुर इंटरसिटी से 126 कैन बीयर बरामद, आरपीएफ ने किया जब्त
जब्त बियर के साथ आरपीएफ की टीम | Prabhat Khabar Network
दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस से आरपीएफ ने गश्ती के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध बीयर बरामद की है. ट्रेन के बाथरूम के पास से मिले लावारिस ट्रॉली बैग में 126 कैन बीयर पाई गई, जिसे जब्त कर लिया गया है.
Danapur Intercity Beer Seizure : आरपीएफ की टीम ने मंगलवार को ऑपरेशन "सतर्क" के तहत गया-कोडरमा रेलखंड पर गश्ती व जांच अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध बीयर बरामद की. यह कार्रवाई गझंडी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर की गयी. आरपीएफ इंस्पेक्टर दीपक कुमार के नेतृत्व में प्रधान आरक्षी श्रवण कुमार एवं आरक्षी पूरण चंद मीना गश्त पर थे.
इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर पहुंची गाड़ी संख्या 13233 दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस की जांच की गयी. तलाशी के दौरान ट्रेन के बाथरूम के पास लावारिस हालत में रखे दो ट्रॉली बैग संदिग्ध प्रतीत हुए. आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ करने पर किसी ने भी बैग पर अपना दावा नहीं किया.
लावारिस ट्रॉली बैग से भारी मात्रा में बीयर की बरामदगी
शंका के आधार पर दोनों ट्रॉली बैग को मौके पर ही खोला गया. पहले पीले रंग के ट्रॉली बैग से 66 कैन किंगफिशर स्ट्रॉन्ग प्रीमियम बीयर तथा दूसरे लाल रंग के ट्रॉली बैग से 60 कैन किंगफिशर स्ट्रॉन्ग प्रीमियम बीयर बरामद हुई. प्रत्येक कैन 500 मिली क्षमता की थी. इस प्रकार कुल 126 कैन (63 लीटर) बीयर, जिसकी अनुमानित कीमत 18,900 रुपये है, जब्त की गयी.
ट्रेन के अल्प ठहराव के कारण तस्करों की पहचान नहीं
ट्रेन के अल्प ठहराव के कारण पूरे कोच की जांच नहीं हो सकी, जिससे तस्करों की पहचान नहीं हो पायी.
जब्त बीयर को उत्पाद विभाग को सौंपे जाने की कार्रवाई
आरपीएफ ने मौके पर जब्ती सूची तैयार कर सभी बरामद बीयर को पोस्ट कोडरमा लाया तथा आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, कोडरमा को सुपुर्द कर दिया.
Also Read : गया रेलवे अस्पताल की सुविधाएं सुधारने की मांग, रेलवे कर्मचारी यूनियन ने PCMD को सौंपा ज्ञापन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










