श्रावणी मेले के लिए गया जी से चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, कांवरियों का सफर होगा आसान

सांकेतिक तस्वीर
Shravani Mela Special Train : आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावणी मेले को लेकर रेलवे ने गया से जसीडीह के लिए चार स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है, जिसका शेड्यूल जल्द जारी होगा.
Shravani Mela Special Train : आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावणी मेले को लेकर रेलवे ने अपनी तैयारियां काफी तेज कर दी हैं. बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) जाने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए गया जंक्शन से जसीडीह के लिए श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने की मुकम्मल तैयारी की जा रही है. इस विशेष ट्रेन के परिचालन से गया जी और आसपास के जिलों के कांवरियों को देवघर पहुंचने में काफी सुविधा मिलेगी. साथ ही नियमित चलने वाली एक्सप्रेस व पैसेंजर ट्रेनों पर भीड़ का दबाव भी कम होगा.
गया-किऊल मार्ग से चलेगी ट्रेन
रेलवे सूत्रों के अनुसार, इस श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन का परिचालन गया-किऊल मार्ग से किए जाने का निर्णय लिया गया है. इससे गया और इसके आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा. रेलवे प्रशासन जल्द ही इस विशेष ट्रेन की समय-सारिणी, ठहराव और परिचालन की तिथियों की आधिकारिक घोषणा करेगा. इसके लिए सीनियर अधिकारियों की अलग-अलग दौर की बैठकें शुरू हो गयी हैं.
Gaya Ji News : साफ-सफाई और सहायता केंद्रों की व्यवस्था
इसके अलावा स्थानीय स्तर पर भी अधिकारी इसकी रूपरेखा तैयार कर रहे हैं. गया जंक्शन पर यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त कोच, भीड़ नियंत्रण, पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई और सहायता केंद्रों की व्यवस्था को लेकर अभी से ही तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं.
गया जंक्शन से चार श्रावणी स्पेशल ट्रेन चलाने की योजना
गया जंक्शन से कुल चार श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बनायी गयी है. हालांकि, अभी तक इनकी आधिकारिक तौर पर घोषणा नहीं की गयी है. लेकिन, रेल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आगामी सात दिनों के अंदर श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की औपचारिक घोषणा होने की पूरी संभावना जतायी गयी है. यह विशेष ट्रेन गया जी, जसीडीह, किऊल व अन्य प्रमुख रेलवे स्टेशनों से होते हुए चलाई जायेगी.

हावड़ा-नटेसर श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन
इधर, गाड़ी संख्या 03001 हावड़ा-नटेसर श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन के परिचालन की घोषणा जारी कर दी गई है. यह ट्रेन पांच जुलाई से 29 सितंबर तक सप्ताह के प्रत्येक रविवार, मंगलवार व शुक्रवार को हावड़ा से रात 23.50 बजे खुलेगी और अगले दिन सुबह 05.10 बजे जसीडीह, 08.10 बजे किऊल, 08.45 बजे शेखपुरा, 09.25 बजे अस्थावां, 09.50 बजे बिहारशरीफ, 10.40 बजे नालंदा व 11.05 बजे राजगीर रुकते हुए दोपहर 12.00 बजे नटेसर पहुंचेगी.
Gaya Junction : जानिए पूरा रूट
वापसी में, गाड़ी संख्या 03002 नटेसर-हावड़ा श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन छह जुलाई से 30 सितंबर तक सप्ताह के प्रत्येक सोमवार, बुधवार एवं शनिवार को नटेसर से दोपहर 13.00 बजे खुलेगी. इसके बाद यह दोपहर 13.20 बजे राजगीर, 13.43 बजे नालंदा, 14.05 बजे बिहारशरीफ, 14.55 बजे अस्थावां, 16.03 बजे शेखपुरा, शाम 17.10 बजे किऊल और रात 20.25 बजे जसीडीह रुकते हुए अगले दिन भोर में 04.30 बजे हावड़ा पहुंचेगी.
Also Read : गया जी : बच्चों को भोजन परोसने से पहले रसोइये खुद चखें खाना, एमडीएम प्रभारी ने दिए निर्देश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










