गया जी के परैया थाना से फरार बाल कैदी की रेल पटरी पर मिली लाश, जांच में जुटी पुलिस

Updated:
विज्ञापन
Gaya Ji News

सांकेतिक तस्वीर

Gaya Ji News : गया जी के परैया थाना की पुलिस अभिरक्षा से मंगलवार सुबह फरार हुए 13 वर्षीय बाल कैदी का क्षत-विक्षत शव प्रभुआ गांव के पास रेल पटरी से बरामद किया गया.

विज्ञापन

Gaya Ji News : परैया थाना की कस्टडी से मंगलवार की सुबह फरार हुए एक 13 वर्षीय बाल कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. थाना परिसर से भागने के कुछ ही समय बाद उसका क्षत-विक्षत शव प्रभुआ गांव के सामने गया-डीडीयू (DDU) रेलखंड पर पाया गया. घटना की सूचना मिलते ही परैया थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है. इस बड़ी घटना के बाद से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और स्थानीय इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है.

सोमवार को बैंक परिसर में चोरी के आरोप में रंगे हाथ पकड़ाया था

मामले के अनुसार, सोमवार को बैंक में चोरी के आरोप में पकड़े गए 13 वर्षीय लड़के को परैया थाना की अभिरक्षा में रखा गया था, जहां से वह मंगलवार की सुबह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर अचानक फरार हो गया. पुलिस टीम अभी उसकी तलाश में छापेमारी कर ही रही थी कि कुछ ही देर बाद प्रभुआ गांव के पास गया-डीडीयू रेलखंड पर एक बच्चे का क्षत-विक्षत शव होने की सूचना मिली. मौके पर पहुंचकर जब शव की शिनाख्त की गई, तो उसकी पहचान उसी फरार बाल कैदी के रूप में हुई. पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि यह महज एक रेल हादसा है या इसकी मौत के पीछे कोई और बड़ी वजह है.

टिकारी डीएसपी व सर्किल इंस्पेक्टर पहुंचे परैया थाना

थाना कस्टडी से कैदी के फरार होने और फिर संदिग्ध हालत में उसकी मौत होने के बाद टिकारी डीएसपी (DSP) सुशांत कुमार चंचल और सर्किल इंस्पेक्टर खुद मौके पर पहुंचकर मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने परैया थाना पहुंचकर वहां लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाला है. इसके साथ ही घटना के वक्त थाने की सुरक्षा और अभिरक्षा की ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से भी कड़ी पूछताछ की जा रही है.

Also Read : गया जी : झुंड से बिछड़े दो हाथियों को जंगल पहुंचाने में जुटा वन विभाग, 36 घंटे से जारी अभियान

बैंक के बाहर रंगेहाथ दबोचा

गौरतलब है कि सोमवार को दखनेर निवासी निवास सिंह परैया स्थित मध्य बिहार ग्रामीण बैंक में पैसे जमा करने गए थे. इसी दौरान इस लड़के ने निवास सिंह के झोले को ब्लेड से काटकर उसमें रखे सौ-सौ रुपये के चार बंडल (कुल चालीस हजार रुपये) निकाल लिए थे और भागने लगा था. भनक लगते ही निवास सिंह ने तत्परता दिखाते हुए उसे बैंक के ठीक बाहर रंगेहाथ दबोच लिया था और पुलिस के हवाले कर दिया था. पुलिस इस लड़के से पूछताछ कर उसके पूरे अंतरजिला गैंग और अन्य सदस्यों का पता लगाने की कोशिश कर रही थी.

घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे कई गंभीर सवाल

पुलिस अभिरक्षा से एक नाबालिग का इस तरह आसानी से फरार हो जाना और फिर रेल पटरी पर उसकी क्षत-विक्षत लाश मिलना, सुरक्षा व्यवस्था और स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर कई गंभीर सवाल खड़े करता है. फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.

Also Read : गूगल से मिला नंबर बना जाल, मोबाइल हैक कर साइबर ठगों ने उड़ाये 9 लाख रुपये

विज्ञापन
सूर्यकांत कुमार

लेखक के बारे में

By सूर्यकांत कुमार

सूर्यकांत कुमार तीन वर्षों से हिंदी डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. स्थानीय और हाइपरलोकल पत्रकारिता में विशेष अनुभव रखते हैं. कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर का भी व्यावहारिक अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत एक डिजिटल न्यूज चैनल से की और विभिन्न डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कार्य करते हुए समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन का अनुभव हासिल किया है. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन