डोभी-पटना फोरलेन हादसे में खुलासा : एक ट्रक ने की रॉन्ग साइड एंट्री, बन गया चार युवकों की मौत की वजह

Updated:
विज्ञापन
ट्रक चालक की गलती ने ले ली चार युवकों की जान

डोभी-पटना फोरलेन पर घटनास्थल की तस्वीर. फोटो - प्रभात खबर

Dobhi Patna Fourlane Accident : बोधगया डोभी-पटना फोरलेन पर एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की जान चली गई. प्रारंभिक जांच में ट्रक की रॉन्ग साइड एंट्री को मौत का कारण पाया गया है. इस घटना ने फोरलेन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

विज्ञापन

Dobhi Patna Fourlane Accident : बोधगया में डोभी-पटना फोरलेन पर बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई. मामले में प्रारंभिक जांच के बाद कई अहम तथ्य सामने आए हैं. घटनास्थल के भौतिक निरीक्षण से संकेत मिले हैं कि उर्वरक लदा ट्रक अप्रोच रोड से रॉन्ग साइड में मुख्य फोरलेन पर चढ़ रहा था. इसी दौरान डोभी की ओर से अपनी लेन में आ रही तेज रफ्तार कार ट्रक के डीजल टैंक से टकरा गई. टक्कर के बाद कार में आग लग गई और चार युवकों की जान चली गई.

टक्कर के बाद कार में लगी भीषण आग

जानकारी के अनुसार ट्रक के डीजल टैंक से टकराते ही डीजल चारों ओर फैल गया. इसके बाद कार के इंजन में आग लगने से जोरदार धमाका हुआ और पूरी कार आग के गोले में तब्दील हो गई. कार में सवार तीन युवकों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल युवक ऋषभ को इलाज के लिए पटना भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई.

इसी कार में सवार था ऋषभ
इसी कार में सवार था ऋषभ

रॉन्ग साइड से मुख्य सड़क पर चढ़ रहा था ट्रक

घटनास्थल की स्थिति से यह स्पष्ट हुआ कि सिजुआ गांव की ओर से उर्वरक लेकर आ रहा ट्रक मुख्य फोरलेन पर गलत दिशा से चढ़ रहा था. नियमानुसार ट्रक को उत्तर दिशा की अप्रोच सड़क का उपयोग करना चाहिए था, लेकिन चालक दक्षिण दिशा वाली अप्रोच सड़क से मुख्य सड़क पर आ गया, जिसका उपयोग मुख्य सड़क से उतरने वाले वाहनों के लिए किया जाता है. प्रत्यक्ष स्थिति के अनुसार ट्रक मुख्य सड़क के लगभग 80 प्रतिशत हिस्से को घेर चुका था. ऐसे में तेज रफ्तार कार चालक को संभलने का पर्याप्त अवसर नहीं मिला और कार सीधे ट्रक के डीजल टैंक से जा टकराई.

हादसे के बाद उठे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

इस दुर्घटना के बाद फोरलेन पर यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि डोभी-पटना फोरलेन पर कई स्थानों पर अप्रोच सड़क और मुख्य सड़क के मिलन बिंदुओं पर पर्याप्त चेतावनी संकेत, दिशा सूचक बोर्ड और स्पीड कंट्रोल की व्यवस्था नहीं है. इससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है.

पहले भी हो चुके हैं कई सड़क हादसे

स्थानीय लोगों के अनुसार डोभी-पटना फोरलेन पर अप्रोच सड़क से मुख्य सड़क के जुड़ाव वाले स्थानों पर पहले भी कई गंभीर सड़क हादसे हो चुके हैं. बोधगया दोमुहान के पास पहले एक स्कूटी सवार भाई-बहन की कार की टक्कर से मौत हो गई थी. इसके अलावा कई अन्य दुर्घटनाओं में बाइक सवार घायल हुए हैं या अपनी जान गंवा चुके हैं. मगध विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार के समीप भी अप्रोच सड़क सीधे मुख्य फोरलेन से जुड़ती है, जहां अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं.

सुरक्षा उपायों की उठी मांग

लगातार हो रहे हादसों के बाद स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और संबंधित विभाग से अप्रोच सड़कों पर स्पष्ट दिशा सूचक बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप, चेतावनी संकेतक और अन्य सुरक्षा उपाय तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई तो भविष्य में भी ऐसे दर्दनाक हादसे होते रहेंगे.

Also Read : गया-डोभी फोरलेन पर हादसा : दो दोस्तों के साथ तीन दिन पहले कार से निकला था ऋषभ, पटना में चल रहा इलाज




विज्ञापन
Kalendra Pratap Singh

लेखक के बारे में

By Kalendra Pratap Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन