गया जी में एक ही दिन में मिले फल्गु नदी से महिला और युवक के शव, 4 दिनों से लापता था शंंभू
मृत युवक की फाइल फोटो, शव ले जाते लोग
Gaya Ji Body recovered from Falgu River : गया शहर में फल्गु नदी से दो शवों के मिलने से सनसनी फैल गई है। एक युवक की पहचान हो गई है, जबकि महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस दोनों मामलों की गहन जांच कर रही है।
गया जी से रोशन कुमार और उदय शंकर की रिपोर्ट
Gaya Ji Body recovered from Falgu River : गया जी शहर में फल्गु नदी से अलग-अलग स्थानों पर एक युवक और एक महिला का शव बरामद होने से दहशत फैल गई. युवक की पहचान 10 जुलाई से लापता शंभू कुमार के रूप में हुई है, जबकि महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. दोनों मामलों की जांच पुलिस कर रही है.
मानपुर सिक्स लेन पुल के पास मिला युवक का शव
जानकारी अनुसार गया जी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मानपुर सिक्स लेन पुल के समीप फल्गु नदी से पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया. स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया. शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई.
लापता शंभू कुमार के रूप में हुई पहचान
पुलिस ने शव की तस्वीर का हाल के दिनों में लापता लोगों के रिकॉर्ड से मिलान किया. जिसके बाद मृतक की पहचान 36 वर्षीय शंभू कुमार के रूप में हुई. वह कोतवाली थाना क्षेत्र के न्यू गोदाम, पहसी-बेलदारी टोला स्थित सोनू जी गली निवासी राम प्रवेश सिंह के पुत्र थे. शंभू कुमार 10 जुलाई की सुबह करीब 11 बजे से लापता थे. उनकी मां राधा देवी ने 12 जुलाई को कोतवाली थाना में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए बताया था कि उनका बेटा मानसिक रूप से कमजोर था.
एएसआई बोले, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा
कोतवाली थाना के एएसआई विपिन कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर युवक का शव औंधे मुंह बालू में पड़ा मिला था. प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी.
सीता कुंड के पास फल्गु नदी से महिला का शव भी बरामद
इसी बीच फल्गु नदी के पूर्वी तट पर सीता कुंड से पहले पुल के पास पानी में एक महिला का शव भी बरामद किया गया. सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है.
महिला के शव की शिनाख्त में जुटी पुलिस
मुफस्सिल थाना के अपर थानाध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला का शव तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है. शुरुआती आशंका है कि बरसात के दौरान नदी में डूबने के बाद शव बहकर यहां पहुंचा होगा. हालांकि पुलिस अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. महिला की पहचान होने के बाद ही मामले की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By साक्षी कुमारी
साक्षी कुमारी को डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 वर्षों का अनुभव है. पिछले तीन वर्षों से वह डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. उन्हें राजनीति, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सरोकारों और समसामयिक मुद्दों से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग और लेखन का अनुभव है. बिहार की राजनीति और क्षेत्रीय मुद्दों पर उनकी विशेष रुचि है. डिजिटल पत्रकारिता के साथ-साथ उन्हें SEO (Search Engine Optimization) की भी अच्छी समझ है, जिससे वह पाठकों तक समय पर और प्रभावी ढंग से खबरें पहुंचाने में दक्ष हैं. तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार तैयार करना उनकी प्रमुख कार्यशैली है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










