गया : परिवार मुंबई गया था, फतेहपुर में बंद घर से 1.25 लाख रुपये और तीन बैग ले उड़े चोर; खेत में मिला सामान
सांकेतिक तस्वीर
गया जी के फतेहपुर के पकरी गांव में मुंबई गए एक व्यक्ति के बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने 1.25 लाख रुपये नकद और तीन बैग चुरा लिए. पुलिस ने धान के खेत से चोरी के बैग और शराब की खाली बोतलें बरामद की हैं तथा मामले की जांच में जुट गई है.
गया जी के फतेहपुर थाना क्षेत्र के पकरी गांव में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए करीब 1.25 लाख रुपये नकद समेत तीन बैग चुरा लिए. इस सनसनीखेज चोरी की घटना की जानकारी शनिवार की सुबह तब हुई, जब गृहस्वामी चंदन सिंह अपने परिवार के साथ मुंबई से वापस घर लौटे.
गृहस्वामी चंदन सिंह ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ मुंबई में किसी रिश्तेदार के यहां आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे.
Also Read : गया : परिजनों को सौंपा दूसरे का शव, असली डेड बॉडी पहुंची श्मशान; 75% जलने के बाद आनन-फानन में बुझाया
उनके घर पर ताला बंद होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने इस बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया. शनिवार की सुबह जब वे घर पहुंचे, तो अंदर का सारा सामान बिखरा हुआ था और नकदी व अन्य सामान गायब था.
खेत में फेंके मिले चोरी के बैग और शराब की खाली बोतलें
चोरी की इस घटना के बाद चोरों ने चुराए गए बैग और कुछ अन्य कागजात व सामान सिंचाई विभाग की ओर स्थित एक धान के खेत में फेंक दिए थे.
शनिवार की सुबह जब गांव का एक व्यक्ति अपना धान का खेत देखने गया, तो उसकी नजर खेत में पड़े उन बैगों और सामान पर पड़ी. इसके बाद उसने तुरंत इसकी सूचना पीड़ित परिवार और पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की. छानबीन के दौरान पुलिस को घटनास्थल यानी खेत के पास शराब के सेवन किए जाने के पुख्ता साक्ष्य भी मिले हैं.
वहां अंग्रेजी शराब की कई खाली बोतलें, कोल्ड ड्रिंक की बोतल, लाइटर और सिगरेट के अवशेष बिखरे पड़े मिले. स्थानीय लोगों के अनुसार, घटनास्थल के आसपास का वह इलाका अक्सर असामाजिक तत्वों द्वारा शराब पीने का अड्डा बना रहता है.
पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए