गया जी : नए स्कूल के बाद बच्चों को मिली बड़ी सौगात, 150 से अधिक छात्र-छात्राओं को किताबें और बैग
नई पुस्तकें पाकर उत्साहित छात्र एवं छात्रा | Prabhat Khabar Network
गया जी के नए प्राथमिक विद्यालय, बसूआ-तेलबिघा में 150 से अधिक छात्र-छात्राओं को सरकारी पाठ्य पुस्तकें, स्कूल बैग और अन्य जरूरी शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई. इस पहल से बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखा गया.
गया जी जिले के नवसृजित प्राथमिक विद्यालय, बसूआ–तेलबिघा में बिहार सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई पाठ्य पुस्तकें, स्कूल बैग एवं आवश्यक शैक्षणिक सामग्री छात्र-छात्राओं के बीच वितरित की गई. कार्यक्रम में विद्यालय के 150 से अधिक बच्चों को सरकारी सुविधा का लाभ मिला. सामग्री मिलने के बाद बच्चों में काफी उत्साह देखा गया.
बच्चों के लिए नई शुरुआत
इस अवसर पर जिला पार्षद छोटू दास ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल पुस्तक और बैग वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव के बच्चों के शैक्षणिक जीवन में नई शुरुआत का प्रतीक है. आजादी के बाद पहली बार बसूआ–तेलबिघा के बच्चों को इस प्रकार की शैक्षणिक सुविधा का लाभ मिलना गांव के लिए गर्व और खुशी की बात है.
उज्ज्वल भविष्य की नींव
उन्होंने कहा कि संसाधनों के अभाव से जूझ रहे बच्चों के हाथों में अब किताबें पहुंची हैं, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार करेंगी. किताबें बच्चों के लिए ज्ञान का मार्ग खोलेंगी और स्कूल बैग उनके सपनों को विद्यालय तक ले जाने का माध्यम बनेगा. उन्होंने बिहार सरकार और शिक्षा विभाग का आभार जताया.
कोई बच्चा न रहे वंचित
कार्यक्रम में विद्यालय के वरीय शिक्षक विनोद पंडित एवं अनुज कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही. वक्ताओं ने कहा कि गांव का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए. जिला पार्षद ने कहा कि आज बच्चों के हाथों में किताबें हैं, यही बच्चे आगे चलकर समाज को नई दिशा देंगे.
हाल ही में हुआ था उद्घाटन
गौरतलब है कि पिछले माह ही गांव में इस विद्यालय का उद्घाटन किया गया था. इस वितरण कार्यक्रम के मौके पर छात्रों के साथ बड़ी संख्या में अभिभावक भी विद्यालय पहुंचे थे, जिससे पूरे परिसर में खुशी का माहौल रहा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए