गया जी : 13 अगस्त तक बनेंगे 38,400 नए राशन कार्ड, पंचायतों में कैंप लगाकर पूरा होगा लक्ष्य

बैठक में मौजूद डीएम व अन्य | Prabhat Khabar Network
Gaya Ji New Ration Card Campaign : गया जी में मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद नए राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है. 13 अगस्त 2026 तक 38,400 नए राशन कार्ड जारी करने का लक्ष्य है. इसके लिए पंचायतों में विशेष कैंप लगाए जाएंगे और नया SMART-PDS पोर्टल लागू किया गया है.
Gaya Ji New Ration Card Campaign : मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद नया राशन कार्ड जारी करने के मामले में डीएम शशांक शुभंकर ने एसडीओ, एमओ व डीएसओ के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए. उन्होंने अधिकारियों को नया राशन कार्ड बनाने के लिए पूरी तरह से कैंप मोड में काम करने का सख्त निर्देश दिया.
नया स्मार्ट-पीडीएस पोर्टल लागू
डीएम ने तकनीकी बदलावों की जानकारी देते हुए बताया कि विभाग की ओर से पहले से संचालित आरसी ऑनलाइन व ऑफलाइन पोर्टल को पूरी तरह बंद कर दिया गया है. अब इसके स्थान पर भारत सरकार के एसएमएआरटी-पीडीएस (SMART-PDS) के आरसीएमएस (RCMS) मॉडल को लागू कर दिया गया है. अब राशन कार्ड से संबंधित सभी नए आवेदन व उनका निष्पादन अनिवार्य रूप से इसी नए डिजिटल पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा.
13 अगस्त तक लक्ष्य पूरा करने का निर्देश
बैठक में जिले के भीतर कुल 38,400 नए राशन कार्ड बनाने और इसके लिए प्रत्येक दिन 1280 कार्ड बनाना निर्धारित किया गया है. इस सभी निर्धारित लक्ष्यों को आगामी 13 अगस्त 2026 तक हर हाल में पूरा करना है. डीएम ने कड़े लहजे में कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समय पर काम को हर हाल में पूरा करना ही होगा.
इसके लिए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) पंचायत स्तर पर विशेष शिविर (कैंप) आयोजित कर पात्र परिवारों से नए आवेदन प्राप्त करेंगे. वे इन आवेदनों का नियमानुसार भौतिक सत्यापन व निष्पादन करते हुए निर्धारित दैनिक लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करेंगे. इस पूरे अभियान की नियमित मॉनीटरिंग करते हुए लक्ष्य के अनुरूप कार्य सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी संबंधित अनुमंडल अधिकारियों (एसडीओ) को दी गई है.
वंचित पात्र परिवार ऐसे करें आवेदन
इस महाअभियान की सफलता को लेकर डीएम ने आम लोगों से भी विशेष अपील की है. उन्होंने कहा कि जो भी योग्य व पात्र परिवार अभी तक किसी कारणवश अपने राशन कार्ड से वंचित रह गए हैं, वे सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ उक्त आयोजित होने वाले शिविर में अथवा सीधे अपने प्रखंड कार्यालय में जाकर भौतिक रूप से आवेदन जमा कर सकते हैं. इसके अतिरिक्त, पात्र लाभुक चाहें तो सुविधानुसार सीधे ऑनलाइन माध्यम से भी अपना आवेदन दर्ज करा सकते हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










