ePaper

पुराने मामले अनसुलझे, अब नये के खुलासे की चुनौती

Updated at : 16 Jan 2019 5:46 AM (IST)
विज्ञापन
पुराने मामले अनसुलझे, अब नये के खुलासे की चुनौती

गया : पुलिस के लिए नये वर्ष के पहले महीने से ही चुनौतियों भरा समय शुरू हो गया है. विगत वर्ष की कई आपराधिक घटनाओं का खुलासा करने में पुलिस को अब तक कामयाबी मिली नहीं कि अब कई नयी घटनाओं की गुत्थी सुलझाने की चुनौती पुलिस के सामने खड़ी हो गयी है. विगत वर्षों […]

विज्ञापन
गया : पुलिस के लिए नये वर्ष के पहले महीने से ही चुनौतियों भरा समय शुरू हो गया है. विगत वर्ष की कई आपराधिक घटनाओं का खुलासा करने में पुलिस को अब तक कामयाबी मिली नहीं कि अब कई नयी घटनाओं की गुत्थी सुलझाने की चुनौती पुलिस के सामने खड़ी हो गयी है.
विगत वर्षों के हत्या, डकैती व अपहरण के कई मामले पुलिस के लिए अनसुलझी पहेली बनी हुई है. इसके साथ हत्या, गोलीबारी, मारपीट, चोरी व छिनतई की घटनाएं हाल के दिनों आम हो गयी हैं.
पिछले वर्ष के अंत में सबसे चर्चित मामले स्वर्ण व्यवसायी के अपहरण व गिरधारी फोर्ड के मालिक के यहां भीषण डकैती रही थी. अब तक इन मामलों में पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है. इसके बाद नये वर्ष की शुरुआत में ही मानपुर के पटवाटोली से गायब हुई अंजना के शव मिलने के बाद पूरा मामला गरमाया हुआ है.
पुलिस इस मामले को अपनी ओर से ऑनर किलिंग बता रही है. दूसरी ओर लोगों का आरोप है कि पुलिस अपना दामन बचाने के लिए इस घटना को ऑनर किलिंग बता रही है. इस मामले में पुलिस की खूब किरकिरी हुई है. विपक्षी दल ने इसे मुद्दा बना रखा है. इधर, इस मामले के बाद 10 दिनों के अंदर में दो और हत्याएं हो गयीं हैं.
अब तक की चर्चित घटनाएं
22 मार्च 2018
कंडी नवादा के रहनेवाले चंदौती थाने के कथित एसपीओ (स्पेशल पुलिस ऑफिसर) चंदन कुमार सिन्हा का अपहरण बाइपास पर सामान लेने जाने के दौरान हो गया. उसके बाद कई बार परिजनों व गांववालों ने उग्र प्रदर्शन व अधिकारियों से मुलाकात कर खोजने की अपील की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला है.
चार मई 2018
पहसी नयी गोदाम के रहनेवाले स्वर्ण व्यवसायी संतोष कुमार का अपहरण कोलकाता से गया करोड़ों रुपये के जेवर लेकर पहुंचने पर कर लिया गया. उसके बाद पुलिस की नाकामी के बाद परिजनों ने हाइकोर्ट का दरवाजा खटखटाया. वहां एसपी को खुद की निगरानी में केस का अनुसंधान करने का आदेश दिया गया.
आठ दिसंबर 2018
चन्नू पासवान की मानपुर के शिवचरण लेने में अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी. इसके बाद पुलिस ने तुरंत ही मामले काे सुलझाने की बात कही. हत्या के बाद दो गुटों में तनाव का ताप लोगों को झेलना पड़ा. उसके बाद भी पुलिस हत्यारों का अब तक कुछ भी पता नहीं लगा सकी है.
छह जनवरी 2019
28 दिसंबर 2018 से गायब पटवाटोली मानपुर की अंजना का क्षत-विक्षत शव पुलिस ने छह जनवरी को बरामद किया. उसके बाद पुलिस ने जांच के दौरान इस मामले काे ऑनर किलिंग बता दिया और बाद में हंगामा होने पर वैज्ञानिक जांच करने की प्रक्रिया शुरू की गयी है.
13 जनवरी 2019
ताड़ी धंधेबाज राजेंद्र चौधरी की अज्ञात अपराधियों ने गोली मार कर भुसुंडा, मानपुर में अहले सुबह हत्या कर दी. इसके बाद लोगों ने पुलिस अधिकारियों से हत्याकांड का खुलासा करने की मांग की. पुलिस अधिकारी ने लोगों को आश्वासन दिया. लेकिन, परिणाम अब तक ढाक के तीन पात ही निकले हैं.
14 जनवरी 2019
अबगिला देवी स्थान के रहनेवाला युवक रोहित कुमार की हत्या चाकुओं से वार कर कर दी गयी. लोगों ने विरोध में सड़क जाम कर कहा कि इन दिनों मानपुर इलाके में अपराधियों पर लगाम लगाने में पुलिस पूरी तौर से विफल रही है. इसके बाद पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन