बिहारः पूर्णिया में धान रोप रही महिलाओं पर गिरा बिजली का तार, करंट लगने से चार की मौत

purnea news बनारसी चौक के पास रामानंद महतो के खेत में सभी महिलाएं धान की रोपनी कर रही थीं. इसी क्रम में खेत के ऊपर से गुजरा 11 हजार वोल्ट का तार गलकर नीचे गिर गया.
धान रोपनी कर रही चार महिलाओं पर बिजली का तार गिरने से उनकी मौत हो गई. जबकि दो की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. यह घटना मंगलवार की शाम चार बजे के करीब पूर्णिया के रूपौली प्रखंड के गोड़ियर गांव के बनारसी चौक के पास हुई. सभी मृतक व जख्मी जिले के रुपौली प्रखंड के गोड़ियर गांव की रहने वाली हैं.
मृतकों की पहचान में रानी देवी पति दसइ महतो, रमिता देवी पति सुरेन्द्र महतो, रेणु देवी पति प्रमोद महतो और मीना देवी पति शत्रुघ्न महतो के रुप में हुई है. जबकि जख्मी महिलाओं की पहचान सुलेखा देवी पति अनिल महतो और मुलेखा देवी के रुप में हुई है. इनका उपचार रूपौली रेफरल अस्पताल में चल रहा है. धमदाहा अनुमंडल के एसडीओ राजीव रंजन और एसडीपीओ रमेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली.
टीकापट्टी थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी ने बताया कि चारों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया भेज दिया गया है. घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि बनारसी चौक के पास रामानंद महतो के खेत में सभी महिलाएं धान की रोपनी कर रही थीं. इसी क्रम में खेत के ऊपर से गुजरा 11 हजार वोल्ट का तार गलकर नीचे गिर गया. हाइटेंशन तार के गिरने से सभी करंट की चपेट में आ गयीं.
घटना के बाद गांव में अफरा तफरी मच गयी. आनन-फानन में सभी महिलाओं को लेकर ग्रामीण व परिजन रूपौली रेफरल अस्पताल आये, जहां डॉक्टरों ने चार महिलाओं को मृत घोषित कर दिया. चार महिलाओं के मरने की खबर से परिजनों में कोहराम व चीत्कार मच गया. पूरे इलाके में माहौल गमगीन है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










