बेगूसराय के बड़े उद्योगपति अजय सिंह के घर 68 घंटे तक चली ED और IT की रेड, बड़े पैमाने पर फर्जी बिल बरामद
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 26 Jun 2023 3:42 AM
बिहार के बड़े उद्योगपति व12 से अधिक बिल्डिंग, खनन, बिल्डिंग और औद्योगिक प्रतिष्ठानों के निदेशक संवेदक अजय कुमार सिंह उर्फ कारू सिंह के 25 ठिकानों पर गुरुवार को टीम ने एक साथ धावा बोल दिया था. इनमें से बेगूसराय वाले आवास पर 68 घंटे तक छापेमारी चलती रही.
बेगूसराय. टैक्स में हेराफेरी के मामले में बिहार सरकार के मंत्री विजय चौधरी के साले और बेगूसराय के बड़े व्यापारियों में शामिल मटिहानी निवासी अजय कुमार सिंह उर्फ कारू सिंह के बेगूसराय आवास पर 68 घंटे की छापेमारी के बाद इडी एवं आयकर विभाग की टीम देर रात दो बजे वापस लौट गयी. देर रात टीम के निकलने के कारण छापेमारी के दौरान हुई कार्रवाई की कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है, लेकिन सूत्रों की माने तो टीम दो बड़े बैग में भरकर कई महत्वपूर्ण कागजात ले गयी है. यहां से मिले कागजात एवं देश भर के उनके अन्य ठिकाने पर हुई कार्रवाई में मिले सबूत के मिलान के बाद इसकी पुष्टि हो सकेगी. टीम के घर से निकलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है.
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार छापेमारी के दौरान घर से बड़े पैमाने पर फर्जी बिल बरामद किये गये हैं, जिससे टैक्स में हेरफेर किया जा रहा था. इसके अलावा दर्जन भर बैंक खाते, वित्तीय लेनदेन से जुड़े कागजात, कई जमीन-जायदाद के कागजात, विभिन्न प्रकार के निवेश से संबंधित सबूत, फर्जी तरीके से लिए जा रहे टेंडर से संबंधित सहित अन्य कागजात टीम लेकर गयी है. बगैर हिसाब के करीब एक करोड़ नगद राशि भी बरामद किये गये हैं.
Also Read: बिहार: उद्योगपति कारू सिंह के ठिकानों पर आयकर का छापा, 25 करोड़ के फर्जी खर्च बिल के साथ मिले नकदी और आभूषण
उल्लेखनीय है कि बिहार सरकार के वित्त मंत्री विजय चौधरी के साले एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह के करीबी तथा 12 से अधिक बिल्डिंग, खनन, बिल्डिंग और औद्योगिक प्रतिष्ठानों के निदेशक संवेदक अजय कुमार सिंह उर्फ कारू सिंह के 25 ठिकानों पर गुरुवार को टीम ने एक साथ धावा बोल दिया था. बेगूसराय, पटना, दिल्ली, कोलकाता, ओडिशा एवं एनसीआर में छापेमारी हुई, जिसमें श्रीकृष्ण नगर बेगूसराय वाले आवास पर 68 घंटे तक छापेमारी चलती रही. उनके कई करीबी के यहां भी छापेमारी की गयी. जिले में अब तक के सबसे अधिक समय तक चली इस छापेमारी को लेकर जिले एवं जिले से बाहर भी चर्चाओं का बाजार गर्म है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










