केवटी में युवक की चाकू गोदकर हत्या, 2.5 लाख रुपये लूटकर फरार हुए बदमाश

Updated:
विज्ञापन
दरभंगा: युवक की चाकू से हत्या, 2.5 लाख लूटे

दरभंगा जिले के केवटी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक युवक मो. रेहान की चाकू गोदकर हत्या कर दी. युवक छतवन बाजार से दुकान की 2.5 लाख रुपये की राशि लेकर मालिक को देने जा रहा था, तभी बदमाशों ने लूटपाट के दौरान वारदात को अंजाम दिया. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.

विज्ञापन

Darbhanga News: दरभंगा जिले के केवटी थाना क्षेत्र के छतवन गांव में अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है. छतवन बाजार से अपने मालिक को दुकान की राशि देने जा रहे 22 वर्षीय मो. रेहान की बदमाशों ने चाकू गोदकर हत्या कर दी और उसके पास मौजूद करीब 2.5 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

मालिक को रुपये देने जा रहा था रेहान

परिजनों के अनुसार मो. रेहान डीह टोला छतवन निवासी मो. अशरफ अली का पुत्र था. वह गांधी चौक स्थित पप्पू हार्डवेयर दुकान में काम करता था और दुकान के हिसाब-किताब की जिम्मेदारी भी उसी के पास थी. मंगलवार को वह दुकान की बिक्री के 2.5 लाख रुपये लेकर अपने मालिक को देने जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में बदमाशों ने उसकी बाइक रोक ली और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

वारदात की सूचना मिलते ही केवटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल रेहान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, केवटी रनवे पहुंचाया. डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया.

चार दिन पहले भी हुई थी बड़ी डकैती

स्थानीय लोगों का कहना है कि महज चार दिन पहले छतवन बाजार में कपड़ा व्यवसायी अशोक कुमार साहू के घर में भी भीषण डकैती हुई थी. उस घटना में अपराधी 1.5 लाख रुपये नकद और करीब 12 लाख रुपये के सोने के जेवरात लूटकर फरार हो गए थे. लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी है.

पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और अपराधियों की पहचान के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर के लाल का ब्रिटेन में बजा डंका, कनिष्क नारायण बने यूके के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मंत्री


विज्ञापन
विजय कुमार गुप्ता

लेखक के बारे में

By विजय कुमार गुप्ता

विजय कुमार गुप्ता 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ये सामाजिक, राजनीतिक और आपराधिक नब्ज को करीब से समझते हैं. इन्हें डिजिटल मीडिया में नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल के साथ प्रयोग करना बेहद पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन