'फिर काहे का नगर परिषद...?' 15 साल बाद भी नहीं मिल रहीं शहरी सुविधाएं, पीने का पानी तक नहीं
खराब नल और पानी की टंकी की तस्वीर (सांकेतिक) | सोर्स- सोशल मीडिया
दरभंगा के बेनीपुर नगर परिषद में 15 साल बाद भी शहरी सुविधाओं का अभाव. नल-जल योजना ठप, घरों में पानी नहीं पहुंच रहा. जल निकासी और स्ट्रीट लाइट की भी भारी समस्या.
दरभंगा नल-जल ठप: बेनीपुर नगर परिषद के गठन के करीब डेढ़ दशक बाद भी वार्ड दो धरौड़ा के लोगों को शहरीकरण का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है. करीब 1700 मतदाताओं वाले इस वार्ड में नल-जल योजना के बावजूद घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है. वहीं जल निकासी और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं की समस्या भी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है.
दो नल-जल टावर, फिर भी घरों में पानी नहीं
वार्ड में नल-जल योजना के तहत दो टावर बनाए गए हैं, लेकिन जगह-जगह पाइप क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों के घरों तक पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है. वार्ड पार्षद नीरो देवी के अनुसार, पाइप की मरम्मत को लेकर नगर प्रशासन को कई बार लिखित सूचना दी गयी, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है.
पेयजल की समस्या के कारण लोगों को दूसरे स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद बनने के बाद से शहर के हिसाब से टैक्स तो लिया जा रहा है, लेकिन वार्ड में बुनियादी सुविधाओं का विकास अपेक्षा के अनुरूप नहीं हुआ.
हल्की बारिश में सड़कों पर जलजमाव
धरौड़ा वार्ड में जल निकासी की व्यवस्था भी लोगों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है. हल्की बारिश के बाद ही विभिन्न सड़कों पर पानी जमा हो जाता है. जल निकासी का स्थायी इंतजाम नहीं होने के कारण लोगों को खुद चंदा जुटाकर गंदे पानी की निकासी कराने की नौबत आती है.
बहेड़ा बाजार मुख्य सड़क से धरौड़ा जाने वाली सड़क और सलहेश स्थान से पासवान दास टोला तक जलजमाव की समस्या बनी हुई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दिनों में आवागमन में काफी परेशानी होती है.
नाला और छठ घाट का काम भी अधूरा
पार्षद नीरो देवी ने बताया कि बहेड़ा मुख्य सड़क पर नाला निर्माण की निविदा प्रकाशित हुए करीब एक साल हो चुका है, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ है. इसी तरह बहेड़ा महाविद्यालय परिसर स्थित तालाब में छठ घाट और सौंदर्यीकरण कार्य की निविदा करीब दो साल पहले प्रकाशित हुई थी. संवेदक के साथ एकरारनामा होने के बावजूद अब तक काम शुरू नहीं किया गया है.
पार्षद ने कहा कि पिछले दो कार्यकाल में वार्ड में कई विकास कार्य हुए थे, लेकिन वर्तमान कार्यकाल के चार साल बीत जाने के बाद भी कोई महत्वपूर्ण काम नहीं हुआ है.
पार्षद ने नगर परिषद प्रशासन को ठहराया जिम्मेदार
वार्ड में विकास कार्य नहीं होने को लेकर स्थानीय लोगों ने पार्षद की उदासीनता पर भी सवाल उठाए हैं. हालांकि, पार्षद नीरो देवी ने इसके लिए नगर परिषद प्रशासन और वर्तमान मुख्य पार्षद को जिम्मेदार बताया है. उन्होंने कहा कि अपने स्तर से लोगों की समस्याओं के समाधान का प्रयास लगातार किया जा रहा है.
यह भी पढे़ं:
दरभंगा के गंगधारेश्वर महादेव मंदिर में विधि-विधान से त्रिशूल स्थापित, सुख-शांति की कामना
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए