Darbhanga News: शैक्षणिक एवं प्रशासनिक स्तर पर विश्वविद्यालय को उच्च से उच्चतर स्थान दिलाना लक्ष्य

Darbhanga News:सीनेट की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी ने कहा कि भारत विश्व गुरु की डगर पर आगे बढ़ रहा है.
Darbhanga News: दरभंगा. लनामिवि के जुबली हॉल में बुधवार को आयोजित सीनेट की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी ने कहा कि भारत विश्व गुरु की डगर पर आगे बढ़ रहा है. ऐसे में मिथिला के छात्र-छात्राओं एवं बुद्धिजीवियों के कंधों पर भी बड़ी जवाबदेही है. सभी के सकारात्मक सहयोग से स्थानीय सामाजिक, सांस्कृतिक और भौगोलिक संरचना के अनुरूप शैक्षणिक एवं प्रशासनिक स्तर पर विश्वविद्यालय को उच्च से उच्चतर स्थान प्राप्त करायेंगे. कुलपति ने कहा कि बहुविषयक शिक्षा एवं शोध विश्वविद्यालय की दिशा में कार्य शुरू है. ई-लर्निंग लैब से छात्र लाभान्वित हो रहे हैं. शोध-गंगा, शोध-शुद्धि एवं शोध-चक्र की सहायता से शोधार्थी मानक शोधकार्य कर रहे हैं. एडभांस रिसर्च सेंटर में कई लैब स्थापित किये गये हैं. रिमोट सेंसिंग लैब के माध्यम से शोधार्थी को लाभ मिल रहा है. आने वाले दिनों में सभी विषयों के पाठ्यक्रम आधारित टापिक का व्याख्यान ओडियो विडियो फार्म में यूनिवर्सिटी वेबसाइट पर अपलोड किया जायेगा. लनामिवि स्वयम – मूक्स को अंगीकार करने वाला राज्य का पहला विश्वविद्यालय है. छात्र-छात्रा मूक्स के माध्यम से अध्ययन का लाभ ले सकेंगे.
समर्थ पोर्टल के माध्यम से काम करने की दिशा में विश्वविद्यालय क्रियाशील
समर्थ पोर्टल के माध्यम से काम करने की दिशा में विश्वविद्यालय क्रियाशील है. लीव माड्यूल एक जनवरी से लागू हो गया है. पेरोल मैनेजमेंट माड्यूल तथा पेंशन माड्यूल भी शीघ्र लागू हो जाएगा. यूनिवर्सिटी के बाद कालेज स्तर पर भी इसे लागू किया जायेगा. स्नातक प्रथम सेमेस्टर 2025-29 में एक लाख 61 हजार 639 तथा स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर 2025-27 में 16 हजार 870 छात्र-छात्राओं ने नामांकन लिया.
शुरू की जायेगी फॉरेंसिक विज्ञान और साइबर कौशल विकास की पढ़ाई
फॉरेंसिक विज्ञान और साइबर कौशल विकास से संबंधित सर्टिफिकेट, डिप्लोमा, स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के कोर्स की पढ़ाई प्रारंभ की जायेगी. सत्र 2026-27 से खेल एवं शारीरिक शिक्षा निदेशालय के अंतर्गत चार वर्षीय बैचलर आफ फिजिकल एजुकेशन (बीपीएड) पाठ्यक्रम चलाया जायेगा. कहा कि आनलाइन पोर्टल के माध्यम से माइग्रेशन एवं प्रोविजनल सर्टिफिकेट दिये जाने से छात्र-छात्राओं को काफी सहूलियत हुई है. परीक्षाफल सम्बन्धी समस्याओं का ऑन लाइन निराकरण ग्रीवांस सेल पोर्टल के माध्यम से हो रहा है. पीजी एवं प्रोफेशनल कोर्स की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन डिजिटल स्कैनिंग द्वारा कराने की योजना है.
खेल के क्षेत्र में विश्वविद्यालय का प्रदर्शन बेहतर
खेल के क्षेत्र में विश्वविद्यालय का प्रदर्शन बेहतर रहा है. अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय कबड्डी (महिला) प्रतियोगिता में विवि ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया. खेलों इंडिया विश्वविद्यालय गेम्स में एथलेटिक्स (पुरुष) 5000 मीटर में प्रथम, कबड्डी (महिला) में द्वितीय स्थान एवं स्टीपलेस 2000 मीटर में तृतीय स्थान मिला. जर्मनी में आयोजित वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 में विश्वविद्यालय के धावक त्रिलोक कुमार ने प्रतिनिधित्व किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




