दरभंगा में 19 केंद्रों पर होगी उत्पाद SI भर्ती परीक्षा, 9960 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था

सांकेतिक तस्वीर
दरभंगा जिले में उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग में अवर निरीक्षक (SI) पद के लिए भर्ती परीक्षा 12 जुलाई को 19 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। कुल 9960 अभ्यर्थी इस परीक्षा में भाग लेंगे, जिसे कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
Darbhanga News: मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में अवर निरीक्षक (SI) पद पर चयन के लिए 12 जुलाई को दरभंगा जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी. एक पाली में होने वाली यह परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगी. परीक्षा में कुल 9960 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है. जिला प्रशासन ने परीक्षा को कदाचारमुक्त, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारी की है.
100 मीटर दायरे में लागू रहेगी निषेधाज्ञा
जिला प्रशासन के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में सुबह 7 बजे से परीक्षा समाप्त होने तक निषेधाज्ञा लागू रहेगी. इस दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग पर भी पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके.
CCTV, जैमर और वीडियोग्राफी से होगी निगरानी
परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों और परीक्षा कक्षों में CCTV कैमरे लगाए जाएंगे. इनका सीधा संपर्क राज्य मुख्यालय, जिला नियंत्रण कक्ष और केंद्र नियंत्रण कक्ष से रहेगा. संचार संबंधी गड़बड़ियों को रोकने के लिए सभी केंद्रों पर जैमर लगाए जाएंगे. परीक्षा शुरू होने से उत्तर पुस्तिकाओं के सील होने तक पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी.
त्रिस्तरीय जांच के बाद मिलेगा प्रवेश
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की गाइडलाइन के अनुसार सभी अभ्यर्थियों की त्रिस्तरीय शारीरिक जांच की जाएगी. परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, सेलुलर फोन तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इन 19 केंद्रों पर होगी परीक्षा
भर्ती परीक्षा के लिए एमएल एकेडमी ब्लॉक-1 एवं 2, जिला स्कूल, एमएलएसएम कॉलेज, सीएम कॉलेज, शफी मुस्लिम उच्च विद्यालय, महारानी कल्याणी महाविद्यालय, केएस कॉलेज, राज उच्च विद्यालय, डॉ. राजेंद्र प्रसाद बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, उच्च माध्यमिक विद्यालय कबीरचक, एमएआरएम गर्ल्स हाई स्कूल लालबाग, एमआरएम कॉलेज, एचबी सोगरा हसन गर्ल्स हाई स्कूल, मध्य विद्यालय बीरा, सर्वोदय उच्च विद्यालय, मारवाड़ी उच्च स्कूल, मुकुंदी चौधरी उच्च विद्यालय और जीएन गंज स्थित बंसीदास कन्या मध्य विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है.
यह भी पढ़ें: SH-75 पर दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक भिड़ंत में युवक की गई जान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राज कुमार रंजन
राज कुमार रंजन दो दशक से अधिक समय से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राष्ट्रीय समाचार पत्रों में काम कर चुके रंजन प्रशासनिक गतिविधियों के साथ-साथ राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्रों में गहरी पैठ रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










