बिरौल में तीन माह की विवाहिता का फंदे से लटकता मिला शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

Updated:
विज्ञापन
बिरौल थाना फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network

बिरौल थाना

दरभंगा के रजवा गांव में सोमवार सुबह एक 20 वर्षीय नवविवाहिता का शव पंखे से लटका मिला। परिजनों के अनुसार, शादी को अभी तीन महीने ही हुए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

विज्ञापन

Darbhanga News: बिरौल थाना क्षेत्र के रजवा गांव में सोमवार की सुबह 20 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका की पहचान अरविंद पासवान की पत्नी ललिया देवी के रूप में हुई है. उसकी शादी करीब तीन महीने पहले हुई थी. सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने खिड़की से देखा तो वह घर के अंदर पंखे से फंदे के सहारे झूल रही थी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया.

दरवाजा नहीं खुला तो खिड़की से देखा

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह घर के लोगों ने ललिया देवी को दरवाजा खोलने के लिए आवाज दी. काफी देर तक अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर परिजन परेशान हो गए. इसके बाद खिड़की से झांककर देखा गया तो ललिया पंखे से फंदे के सहारे लटकी हुई थी. टोला के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम के लिए

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अवर निरीक्षक मुन्नी कुमारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतका के गले में फंदे का निशान पाया गया है. पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया. पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.

पति पूर्णिया में करता है मजदूरी

परिजनों के अनुसार ललिया देवी के पति अरविंद पासवान पिछले कई महीनों से रोजी-रोटी के लिए पूर्णिया में मखाना फोड़ने का काम करते हैं. रविवार रात पति-पत्नी के बीच मोबाइल पर बातचीत भी हुई थी. इसके बाद परिवार के सभी सदस्य सो गए थे. घटना के समय घर में ललिया की सास रेखा देवी और उसकी दो बेटियां मौजूद थीं. मृतका के ससुर बजरंगी सदा दोनों हाथों से दिव्यांग हैं.

पिता ने किसी पर नहीं लगाया आरोप

मृतका के पिता राम खेलावन सदा, निवासी गोलिया गांव, थाना सिंघिया ने फिलहाल किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है. थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि पुलिस मामले की सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: बीडीओ से मारपीट पर आक्रोश, विरोध में काली पट्टी बांधकर किया काम


विज्ञापन
शंकर कुमार सहनी

लेखक के बारे में

By शंकर कुमार सहनी

शंकर कुमार सहनी 20 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. लोकल टेलीविजन चैनल से लेकर राष्ट्रीय समाचार पत्रों तक में कार्य कर चुके शंकर राजनीति, अपराध और धर्म-संस्कृति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन