दरभंगा में LNMU की पीजी छात्रा की संदिग्ध मौत, परिजनों ने खारिज की खुदकुशी की बात

Updated:
विज्ञापन

LNMU

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (LNMU) की पीजी छात्रा निधि कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार कर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आवेदन का इंतजार कर रही है.

विज्ञापन

LNMU Darbhanga: विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र स्थित एक निजी हॉस्टल में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (LNMU) की स्नातकोत्तर (PG) की छात्रा निधि कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है. पुलिस अब परिजनों के लिखित आवेदन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. दूसरी ओर, मृतका के माता-पिता इसे आत्महत्या मानने को कतई तैयार नहीं हैं और पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं.

विज्ञापन

मेधावी छात्रा थी निधि, शिक्षिका बनकर संभालना चाहती थी परिवार

मृतका की पहचान मधुबनी जिले के बिस्फी प्रखंड अंतर्गत घाट भटरा गांव निवासी विद्या प्रसाद यादव की पुत्री निधि कुमारी के रूप में हुई है. वह एलएनएमयू में इतिहास विषय से पीजी कर रही थी और यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र के एक हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करती थी. हॉस्टल के कमरे में उसके फंदे से लटके होने की सूचना जैसे ही गांव पहुँची, मातम पसर गया. ग्रामीणों के अनुसार निधि पढ़ने में काफी मेधावी, शांत स्वभाव की और अपने लक्ष्य के प्रति बेहद गंभीर थी. वह उच्च शिक्षा प्राप्त कर शिक्षिका बनना चाहती थी ताकि अपने परिवार का सहारा बन सके.

पिता करते हैं खेती, बेटी की मौत से टूटीं परिवार की उम्मीदें

निधि के पिता खेती-बाड़ी कर किसी तरह उसकी पढ़ाई का खर्च उठा रहे थे. निधि दो बहनों में सबसे बड़ी थी और उसका एक छोटा भाई प्राथमिक विद्यालय में पढ़ता है. पूरे परिवार को उम्मीद थी कि बेटी की पढ़ाई पूरी होने के बाद घर की माली हालत में सुधार होगा, लेकिन इस दुखद घटना ने परिवार के सभी सपनों को तोड़कर रख दिया है. घटना की सूचना मिलते ही मृतका की मां रीता देवी और मामा अवधेश कुमार दरभंगा हॉस्टल पहुंचे.

परिजनों का आरोप- निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच करे पुलिस

परिजनों ने साफ तौर पर आरोप लगाया है कि निधि किसी भी हाल में आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम नहीं उठा सकती. उन्होंने पुलिस-प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच करने की मांग की है. इधर, पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है.

पुलिस कर रही पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

यूनिवर्सिटी थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर कोण से तफ्तीश की जा रही है. परिजनों की ओर से आवेदन मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधि सम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों को लेकर सस्पेंस बना हुआ है और पुलिस हत्या व आत्महत्या समेत सभी संभावनाओं पर जांच आगे बढ़ा रही है.

यह भी पढ़ें: जेएन कॉलेज नेहरा में एमएसयू ने चलाया सदस्यता अभियान, छात्रहित के मुद्दों पर संघर्ष का लिया संकल्प


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन