मिथिला विश्वविद्यालय में पीएचडी नामांकन प्रक्रिया पर लगी रोक, अगले आदेश तक सभी कार्रवाई स्थगित
LNMU की फाइल फोटो
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (LNMU) में पीएचडी (PAT-2024) नामांकन प्रक्रिया पर एक बार फिर रोक लगा दी गई है. राज्यपाल सचिवालय के निर्देश के बाद, विश्वविद्यालय ने 12 सितंबर से सभी संबंधित कार्रवाइयों को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है. इससे पीएचडी अभ्यर्थियों में फिर से असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है.
दरभंगा: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में पीएटी-2024 के तहत चल रही पीएचडी नामांकन प्रक्रिया पर एक बार फिर रोक लगा दी गयी है. बिहार लोक भवन, पटना स्थित राज्यपाल सचिवालय के 11 सितंबर के निर्देश के अनुपालन में विश्वविद्यालय ने 12 सितंबर से पीएचडी नामांकन प्रक्रिया को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है.
कुलसचिव की ओर से शुक्रवार को जारी अधिसूचना में कहा गया है कि राज्यपाल सचिवालय के पत्र संख्या 214/ACS-GS के निर्देश के आलोक में पीएटी-2024 के तहत पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया में अब कोई आगे की कार्रवाई नहीं की जाएगी. इस संबंध में सभी संकायाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों, साक्षात्कार समिति के सदस्यों और संबंधित अभ्यर्थियों को सूचित कर दिया गया है.
कुलाधिपति के विचारार्थ प्रस्तुत होगा मामला
अधिसूचना के अनुसार, पूरे मामले को कुलाधिपति के विचारार्थ प्रस्तुत किया जाएगा. कुलाधिपति की स्वीकृति मिलने के बाद ही पीएचडी नामांकन प्रक्रिया को दोबारा शुरू किया जा सकेगा.
तब तक साक्षात्कार, चयन अथवा नामांकन से संबंधित किसी भी स्तर पर आगे की प्रक्रिया नहीं होगी. विश्वविद्यालय ने संबंधित अधिकारियों को राज्यपाल सचिवालय के निर्देश का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है.
अभ्यर्थियों में फिर बढ़ा असमंजस
पीएटी-2024 को लेकर पहले भी विश्वविद्यालय और राजभवन के बीच स्थिति स्पष्ट करने की कवायद हो चुकी है. ऐसे में नयी रोक से पीएटी-2024 के अभ्यर्थियों के बीच एक बार फिर असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गयी है.
विश्वविद्यालय की ओर से संबंधित संकायाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों, साक्षात्कार समिति के सदस्यों और अभ्यर्थियों को प्रक्रिया स्थगित किये जाने की सूचना दे दी गयी है.
यह भी पढ़ें
सदर अस्पताल गंगवाड़ा में सिजेरियन प्रसव समेत कई सेवाएं होंगी शुरू, डीएम ने दिये निर्देश
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए