विद्यालय में छेड़छाड़, गर्भ गिरने और अभद्र टिप्पणी का आरोप, शिक्षिका ने HM पुत्र पर कराया केस
विद्यालय की तस्वीर | Prabhat Khabar Network
दरभंगा के एक प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षिका ने प्रधान शिक्षक के पुत्र पर गंभीर आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई है. शिक्षिका का कहना है कि आरोपी ने विद्यालय में उनका उत्पीड़न किया, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और अश्लील वीडियो भी दिखाया.
दरभंगा: मोरो थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय खपड़पुरा में पदस्थापित शिक्षिका रीना कुमारी ने विद्यालय में छेड़छाड़ और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर नीचा दिखाने का आरोप लगाते हुए प्रधान शिक्षक के पुत्र कुमार गौरव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. शिक्षिका ने मानसिक प्रताड़ना के कारण दो महीने का गर्भ गिरने का भी जिम्मेदार उन्हें ठहराया है.
सिवान जिला के पुरैना सरसर गांव निवासी दीनबन्धु कुमार साह की पत्नी शिक्षिका ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि कुमार गौरव उनके साथ अभद्र शब्दों का प्रयोग करते हुए घूरते रहते थे और फब्तियां कसते थे. आवेदन में शिक्षिका ने कथित तौर पर ‘जम्हाई ले रही हो’, ‘अंगराई ले रही हो’ और ‘सीना दिखाकर चलती हो’ जैसे संबोधन किये जाने का आरोप लगाया है.
ऑफिस में बुलाकर अश्लील वीडियो दिखाने का आरोप
शिक्षिका ने आरोप लगाया है कि विरोध करने पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उन्हें नीचा दिखाया जाता था. उन्हें बार-बार ऑफिस में बुलाकर बैठा दिया जाता था. आरोप है कि कंधे पर हाथ रखकर मोबाइल में अश्लील वीडियो भी दिखाया जाता था.
शिक्षिका के अनुसार, यह सिलसिला वर्ष 2025 से चला आ रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार मानसिक प्रताड़ना के बीच उनका दो महीने का गर्भ भी गिर गया.
अधिकारियों से शिकायत के बाद पुलिस में पहुंची
शिक्षिका ने आवेदन में कहा है कि मामले की मौखिक और लिखित शिकायत जिला शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी एवं डीपीओ से की गयी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. उनके अनुसार, केवल स्पष्टीकरण मांगने की खानापूर्ति की गयी. इसके बाद आजिज आकर उन्होंने पुलिस में शिकायत की.
एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में केस
थानाध्यक्ष दिव्य ज्योति ने बताया कि आवेदन पर कार्रवाई करते हुए एससी-एसटी एक्ट एवं बीएनएस की धारा 75, 78, 351 एवं 352 के तहत कांड संख्या दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है. मामले में शिक्षिका की ओर से लगाये गये आरोपों की पुलिस जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें
छात्राओं से अश्लील हरकत के आरोप में शिक्षक निलंबित, 45 दिनों में जांच रिपोर्ट देने का निर्देश
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए