Darbhanga: बहन के घर राखी बंधवाने जा रहा परिवार हादसे का शिकार, 5 साल के मासूम की मौत
दुर्घटना की सांकेतिक तस्वीर
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर खुशियां मनाना एक परिवार को भारी पड़ा. बहन के घर राखी बांधने जा रहे जय नारायण यादव के परिवार पर काल बनकर टूटा एक तेज रफ्तार वाहन, जिसमें 5 वर्षीय बेटे सुधांशु की मौके पर ही मौत हो गई.
Kamtoul Accident: रक्षाबंधन का त्योहार मनाने बहन के घर जा रहे एक परिवार की खुशियां शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसे में बदल गयीं. कमतौल थाना क्षेत्र के बड़की लाधा गांव निवासी जय नारायण यादव पत्नी और दो मासूम बच्चों के साथ तारसराय-मुरिया स्थित अपनी बहन के घर जा रहे थे. इसी दौरान सदर थाना क्षेत्र के जीवछ घाट के समीप पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में पांच वर्षीय बेटे सुधांशु की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि एक वर्षीय बेटा मयंक और उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गये.
आपके शहर में
बहन के घर राखी बंधवाने जा रहा था परिवार
जय नारायण यादव शुक्रवार दोपहर पत्नी और दोनों बच्चों के साथ रक्षाबंधन मनाने बहन के घर निकले थे. करीब तीन बजे उनका परिवार जीवछ घाट के समीप पहुंचा था. तभी पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार पूरा परिवार सड़क पर गिरकर घायल हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी.
पांच साल के बेटे सुधांशु की मौके पर मौत
हादसे में जय नारायण यादव के पांच वर्षीय बेटे सुधांशु को गंभीर चोट लगी. उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गयी. वहीं जय नारायण यादव की पत्नी और एक वर्षीय बेटा मयंक गंभीर रूप से घायल हो गये. दोनों का इलाज चल रहा है.
टक्कर मारकर फरार हुआ अज्ञात वाहन
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया. पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है. आसपास के क्षेत्रों में वाहन और चालक की पहचान के लिए जानकारी जुटायी जा रही है.
राखी की थाली सजी थी, पहुंची मासूम की मौत की खबर
जिस बहन के घर रक्षाबंधन पर भाई के आने का इंतजार हो रहा था, वहां अब मातम पसरा है. जिस परिवार के लिए यह दिन खुशियों का होना था, वहां पांच साल के सुधांशु की मौत ने सब कुछ बदल दिया.
एक ओर बहन भाई की कलाई पर राखी बांधने की तैयारी कर रही थी, तो दूसरी ओर सड़क हादसे में मासूम की जिंदगी खत्म हो गयी. घटना के बाद बड़की लाधा गांव में भी शोक का माहौल है.
यह भी पढ़ें
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए