Darbhanga: सितंबर के पहले सप्ताह में आएंगे केंद्रीय मंत्री, 912 करोड़ के नए टर्मिनल की करेंगे समीक्षा
दरभंगा एयरपोर्ट पर तैयारी का जायजा लेते सांसद गोपालजी ठाकुर | Prabhat Khabar Network
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू सितंबर के पहले सप्ताह में दरभंगा एयरपोर्ट का दौरा करेंगे. इस दौरान वे उड़ान कैफे और यात्री आउटलेट का उद्घाटन करेंगे, साथ ही 912 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन नए टर्मिनल के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करेंगे.
Darbhanga Airport News: केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू के प्रस्तावित दरभंगा दौरे को लेकर एयरपोर्ट पर तैयारियां तेज कर दी गयी हैं. शुक्रवार को स्थानीय सांसद सह दरभंगा एयरपोर्ट सलाहकार समिति के चेयरमैन गोपालजी ठाकुर ने झंझारपुर सांसद रामप्रीत मंडल, एयरपोर्ट डायरेक्टर डॉ दिलीप कुमार समेत अन्य अधिकारियों के साथ तैयारियों का जायजा लिया. सांसद ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया.
आपके शहर में
सितंबर के पहले सप्ताह में दरभंगा आएंगे केंद्रीय मंत्री
सांसद गोपालजी ठाकुर ने बताया कि सितंबर के पहले सप्ताह में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू का दरभंगा आगमन प्रस्तावित है. इस दौरान वे दरभंगा एयरपोर्ट पर उड़ान कैफे और यात्री आउटलेट का उद्घाटन करेंगे.
इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री 912 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन नए टर्मिनल के निर्माण कार्य की प्रगति की अधिकारियों के साथ समीक्षा करेंगे.
नए टर्मिनल की प्रगति की होगी समीक्षा
दरभंगा एयरपोर्ट पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नये टर्मिनल का निर्माण किया जा रहा है. केंद्रीय मंत्री के दौरे के दौरान इस परियोजना की प्रगति और निर्माण कार्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली जायेगी.
सांसद ने अधिकारियों को मंत्री के स्वागत के लिए मिथिला की सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक धरोहरों को प्रदर्शित करने की तैयारी शुरू करने का भी निर्देश दिया.
एयरपोर्ट का नाम विद्यापति के नाम पर करने समेत कई मांगें रखीं
गोपालजी ठाकुर ने बताया कि 20 और 21 अगस्त को मैसूर में हुई संबंधित समिति की बैठक में उन्होंने केंद्रीय मंत्री के समक्ष दरभंगा एयरपोर्ट से जुड़ी कई मांगें रखी थीं.
इनमें एयरपोर्ट का नाम कवि कोकिल विद्यापति के नाम पर करने, सीआइएसएफ कैंप के लिए 100 एकड़ जमीन उपलब्ध कराने, एंबुलेंस की व्यवस्था, स्थायी पुलिस थाना स्थापित करने और हाइटेक वाइफाइ सुविधा उपलब्ध कराने की मांग शामिल थी.
इसके अलावा एयरपोर्ट के बाहरी गेट से दिल्ली मोड़ तक सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग भी रखी गयी थी. सांसद के अनुसार केंद्रीय मंत्री ने इन मांगों पर शीघ्र पहल करने का आश्वासन दिया है.
यह भी पढ़ें
रैयाम में दो बाइक की टक्कर, चार लोग घायल; एक की हालत गंभीर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए