बिरौल के कोठीपुल चौक पर अवैध वसूली का खेल, एसडीओ ने जांच के दिए निर्देश

Updated:
विज्ञापन

बिरौल के कोठीपुल चौक के पास सरकारी जमीन पर अवैध दुकानें संचालित हो रही हैं. आरोप है कि एक दबंग व्यक्ति गरीब दुकानदारों से हर महीने ₹4000 की वसूली कर रहा है. मामला संज्ञान में आने के बाद एसडीओ ने जांच के निर्देश दिए हैं.

विज्ञापन

Darbhanga News: बिरौल में सुपौल कोठीपुल चौक के समीप नदी किनारे सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर अवैध रूप से दर्जनों फुटपाथ दुकानें संचालित की जा रही हैं. आरोप है कि एक दबंग व्यक्ति यहां दुकान लगाने वाले गरीब दुकानदारों से हर महीने 4-4 हजार रुपये की अवैध वसूली कर रहा है. पैसे नहीं देने पर दुकान नहीं लगाने देने और मारपीट की धमकी दी जाती है. मामले को लेकर स्थानीय दुकानदारों में दहशत का माहौल है.

आपके शहर में

विज्ञापन

सरकारी जमीन पर सज रही दुकानें, गरीबों से वसूली का आरोप

स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि नदी किनारे सरकारी जमीन पर मछली, मीट, फल-फूल, सत्तू समेत अन्य छोटी-छोटी दुकानें लगती हैं. परिवार का भरण-पोषण करने के लिए गरीब लोग यहां रोजी-रोटी कमाते हैं. लेकिन एक दबंग व्यक्ति ने पूरे इलाके पर अपना वर्चस्व बना रखा है. जो दुकानदार हर महीने 4 हजार रुपये नहीं देता, उसे दुकान लगाने नहीं दिया जाता.

दुकानदार बोले- मना करने पर मिलती है धमकी

दुकानदारों का कहना है कि दिनभर मेहनत करने के बाद मुश्किल से 200 से 300 रुपये की कमाई होती है. इसके बावजूद हर महीने जबरन 4 हजार रुपये देने पड़ते हैं. विरोध करने पर सामान फेंक देने, मारपीट करने और दुकान बंद करा देने की धमकी दी जाती है. कई दुकानदारों ने बताया कि डर के कारण कोई खुलकर शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है.

एसडीओ बोले- जांच कर होगी सख्त कार्रवाई

मामले पर एसडीओ शशांक राज ने कहा कि शिकायत संज्ञान में आई है. सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण और अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी. जल्द ही टीम भेजकर स्थल का निरीक्षण कराया जाएगा. जांच में आरोप सही पाए जाने पर अवैध अतिक्रमण हटाने के साथ वसूली करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

अतिक्रमण मुक्त कराने की उठी मांग

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कोठीपुल चौक क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने और गरीब फुटपाथ दुकानदारों को बिना भय के रोजगार करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन