Darbhanga: ई-रिक्शा पलटने से पांच वर्षीय बच्चे की मौत, मां और चालक गंभीर रूप से घायल
डीएमसीएच में मौजूद मृतक बच्चे के शोकाकुल परिजन
दरभंगा के बहादुरपुर में ई-रिक्शा पलटने से पांच वर्षीय आदित्य कुमार की मौत हो गई, जबकि उसकी मां और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए. डीएमसीएच में इलाज के दौरान बच्चे ने दम तोड़ दिया. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. पढ़ें पूरी खबर…
दरभंगा के बहादुरपुर से पुरुषोत्तम चौधरी की रिपोर्ट
Darbhanga News: बहादुरपुर प्रखंड क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसकी मां और ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और डीएमसीएच में चीख-पुकार का माहौल बन गया.
जानकारी के अनुसार, फेकला से कोकट जाने वाली मुख्य सड़क पर नव निर्मित कुशौथर पंचायत भवन के समीप एक ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया. दुर्घटना में ई-रिक्शा पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को दूसरे वाहन से दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) पहुंचाया. वहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने पांच वर्षीय आदित्य कुमार को मृत घोषित कर दिया.
लहेरियासराय जा रहा था परिवार
मृतक की पहचान वसंतपुर पंचायत के कोकट गांव निवासी मुकेश भगत के पांच वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार के रूप में हुई है. बताया जाता है कि आदित्य अपनी मां नीलम देवी के साथ किसी काम से लहेरियासराय जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में ई-रिक्शा दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे में नीलम देवी और चालक लाल पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज डीएमसीएच में चल रहा है.
अस्पताल में गूंजती रही परिजनों की चीखें
मासूम आदित्य की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. अस्पताल में मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. घायल मां अपने बेटे को खोने के सदमे में बार-बार बेसुध हो रही थी. जो बच्चा कुछ देर पहले अपनी मां के साथ सफर पर निकला था, उसकी मौत ने पूरे परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया.
पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलने पर बेता थाना पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों का बयान दर्ज किया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
मिलेगी सरकारी सहायता
अंचलाधिकारी निश्चल प्रेम ने बताया कि सामूहिक सड़क दुर्घटना के तहत आपदा प्रबंधन विभाग से मृतक के परिजनों को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी.
उन्होंने बताया कि इसके लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घायलों की चिकित्सा रिपोर्ट और थाना में दर्ज सनहा की प्रति के साथ ऑनलाइन आवेदन करना होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










