DMCH Darbhanga: महिला मरीज की मौत के बाद हंगामा, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
दरभंगा डीएमसीएच
दरभंगा के DMCH मेडिसिन विभाग में इलाज के दौरान एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया. उन्होंने डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया. अस्पताल प्रशासन ने किसी भी मारपीट से इनकार किया है, लेकिन मामला गरमाया रहा.
दरभंगा: डीएमसीएच के मेडिसिन विभाग में उपचार के दौरान रविवार को एक महिला मरीज की मौत के बाद स्वजनों ने हंगामा किया. इस दौरान करीब एक घंटे तक विभाग में अफरातफरी का माहौल बना रहा. परिजनों ने नर्सिंग स्टाफ और चिकित्सकों पर सही तरीके से उपचार नहीं करने का आरोप लगाया. हालांकि, अस्पताल प्रशासन ने किसी भी प्रकार की मारपीट की घटना से इनकार किया है.
लो बीपी और सीने में दर्द के बाद कराया गया भर्ती
जानकारी के अनुसार घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के आधारपुर निवासी फुलिया देवी (65) को लो ब्लड प्रेशर और सीने में दर्द की शिकायत थी. स्वजन उन्हें पहले बेनीपुर के एक अस्पताल में लेकर गये थे. वहां उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया. इसके बाद शनिवार को महिला को डीएमसीएच के मेडिसिन विभाग में भर्ती कराया गया.
डॉ पंकज मोहन श्रीवास्तव की यूनिट में चल रहा था उपचार
बताया जाता है कि मेडिसिन वार्ड में डॉ पंकज मोहन श्रीवास्तव की यूनिट में महिला का उपचार चल रहा था. उपचार के दौरान रविवार की दोपहर करीब 12.30 बजे महिला की मौत हो गयी. मौत की सूचना मिलते ही स्वजन व्यथित और आक्रोशित हो गये.
उपचार में लापरवाही का आरोप लगाकर किया हंगामा
महिला की मौत के बाद स्वजनों ने नर्सिंग स्टाफ और चिकित्सकों पर सही तरीके से उपचार नहीं करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया. करीब एक घंटे तक विभाग में अफरातफरी का माहौल बना रहा. इस दौरान मरीजों और अन्य परिजनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.
जूनियर डॉक्टर पर परिजन की पिटाई का आरोप
हंगामे के दौरान डॉक्टरों और परिजनों के बीच मामूली विवाद होने की बात सामने आयी. स्वजनों की ओर से आरोप लगाया गया कि इसी दौरान एक जूनियर डॉक्टर ने एक परिजन की पिटाई कर दी. हालांकि, अस्पताल प्रशासन ने किसी भी प्रकार की मारपीट की घटना से स्पष्ट रूप से इनकार किया है.
पुलिस के पहुंचने के बाद शांत हुआ मामला
विवाद और हंगामे की सूचना मिलने पर बेता थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया और कुछ देर बाद मामला शांत हो गया. इसके बाद महिला के शव को आवश्यक प्रक्रिया के लिए एंबुलेंस से भेज दिया गया.
उपाधीक्षक बोले- डॉक्टर और परिजनों के बीच हुआ था मामूली विवाद
डीएमसीएच के उपाधीक्षक डॉ अमित कुमार झा ने बताया कि मेडिसिन विभाग में मरीज की मौत के बाद डॉक्टरों और परिजनों के बीच मामूली विवाद हुआ था. बेता थाना की पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति सामान्य हो गयी और शव को भेज दिया गया. उन्होंने अस्पताल परिसर में किसी प्रकार की मारपीट की घटना से इनकार किया.
यह भी पढ़ें
सांप के डसने के बाद महिला की मौत, परिजन पहले झाड़-फूंक के लिए ले गये, रास्ते में गयी जान
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए