दरभंगा में बंद घर से मिला लापता व्यक्ति का शव, एफएसएल टीम जांच में जुटी

घटनास्थल पर जांच करती टीम, फोटो- प्रभात खबर
Dead Body In House: घनश्यामपुर के जयदेवपट्टी में दो दिन से लापता व्यक्ति का शव बंद घर से मिला. पुलिस और एफएसएल टीम जांच कर रही है. मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा.
दरभंगा के घनश्यामपुर से संतोष कुमार सिंह की रिपोर्ट
Dead Body In House: दरभंगा जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के जयदेवपट्टी गांव में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बंद पड़े घर से तेज दुर्गंध आने पर लोगों ने ताला खोलकर देखा. अंदर बरामदे में गांव के ही 55 वर्षीय आमोद कुमार मिश्र का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला. सूचना मिलते ही घनश्यामपुर थाना पुलिस, एसडीपीओ और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है.
दो दिन पहले घर से हुए थे लापता
मृतक की पहचान जयदेवपट्टी निवासी रमेश मिश्रा के पुत्र आमोद कुमार मिश्र के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार वह 30 जून की सुबह बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे और वापस नहीं लौटे. काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला. इसके बाद उनके पुत्र आयुष कुमार मिश्रा ने 1 जुलाई को घनश्यामपुर थाना में गुमशुदगी का आवेदन दिया था, जिस पर पुलिस तलाश कर रही थी.
बदबू आने पर खुला बंद घर
गुरुवार सुबह मृतक की पुत्री शिल्पी कुमारी घर से बाहर निकली तो पास में स्थित उनके चाचा दुर्गेश मिश्र के बंद पड़े घर से तेज दुर्गंध आ रही थी. सूचना पर परिजन और ग्रामीण वहां पहुंचे. जब घर का ताला खोला गया तो बरामदे में आमोद कुमार मिश्र का शव पड़ा मिला. घटना की जानकारी मिलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग जुट गए.
यह भी पढे़ं:‘वेयर इज माय बस’ ऐप कब होगा लॉन्च? क्या-क्या मिलेंगी सुविधाएं और किन यात्रियों के लिए ज्यादा फायदेमंद
पुलिस और एफएसएल टीम कर रही जांच
सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष आलोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. कुछ देर बाद एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी भी घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू कराई. एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि आमोद कुमार मिश्र का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था और वर्ष 1987 से उनका इलाज रांची में चल रहा था. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.
यह भी पढे़ं: मुजफ्फरपुर में दाखिल-खारिज व्यवस्था बेपटरी, 20 हजार से ज्यादा आवेदन लंबित, मुशहरी सबसे बदहाल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अनिकेत कुमार
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










