दरभंगा जिले के आठ नए राजकीय डिग्री कॉलेजों में जल्द शुरू होगी पढ़ाई, डीएम ने दिए निर्देश
डिग्री कॉलेज प्राचार्य के साथ बैठक करते डीएम कौशल कुमार
दरभंगा जिले के आठ नए राजकीय डिग्री कॉलेजों में जल्द ही पठन-पाठन शुरू होगा. जिलाधिकारी कौशल कुमार ने आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा कर समय पर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं.
Darbhanga News: दरभंगा जिले के विभिन्न प्रखंडों में संचालित आठ नए राजकीय डिग्री कॉलेजों में जल्द पठन-पाठन शुरू कराने और आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई.
आपके शहर में
बैठक में कुशेश्वरस्थान, कुशेश्वरस्थान पूर्वी, किरतपुर, तारडीह, हनुमाननगर, सिंहवाड़ा, गौड़ाबौराम और अलीनगर प्रखंडों के राजकीय डिग्री कॉलेजों के प्रधानाचार्य शामिल हुए.
समय पर पूरी करें सभी तैयारियां
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि संबंधित महाविद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन शीघ्र प्रारंभ किया जाना है. इसके लिए सभी शैक्षणिक और आधारभूत तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर हर हाल में पूरी की जाएं.
उन्होंने महाविद्यालयों में उपलब्ध शैक्षणिक सामग्री, फर्नीचर और अन्य आवश्यक सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए कहा कि जहां भी कमी है, उसे प्राथमिकता के आधार पर समय पर पूरा किया जाए.
भवन निर्माण कार्यों की भी हुई समीक्षा
डीएम ने स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन (एलएईओ) के अभियंताओं से भवन और अन्य अवसंरचना विकास कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली.
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि महाविद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियां बिना किसी बाधा के समय पर शुरू हो सकें.
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, डीपीआरओ (पंचायत) पवन कुमार यादव, जिला शिक्षा पदाधिकारी विद्यानंद ठाकुर, संबंधित राजकीय डिग्री कॉलेजों के प्रधानाचार्य तथा एलएईओ के अभियंता उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए