दो दिवसीय राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव का भव्य शुभारंभ, 108 कन्याओं की कलश शोभायात्रा से गूंजा क्षेत्र
रत्नेश्वरी दुर्गा स्थान से गंगेश्वर स्थान के लिए प्रस्थान करते कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालु, रत्नेश्वरी स्थान में पूजा अर्चना करते श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network
बिहार के गंगेश्वर धाम में 108 कन्याओं की कलश शोभायात्रा के साथ दो दिवसीय राजकीय श्रावणी महोत्सव का भव्य और भक्तिमय शुभारंभ हुआ।
Kalash Yatra: बिहार सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हो गया है. शुभारंभ का मुख्य आकर्षण वह दृश्य रहा, जब 108 कन्याओं की कलश शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को पूरी तरह भक्तिमय कर दिया.
आपके शहर में

Gangeshwar Dham Rudrabhishek: कलश शोभायात्रा और वैदिक मंत्रोच्चार
सुबह सात बजे जैसे ही मां रत्नेश्वरी दुर्गा मंदिर से शोभायात्रा प्रारंभ हुई, पूरा वातावरण वैदिक मंत्रोच्चार और हर हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा. लाल-पीली चुनरियों में सजी और सिर पर पवित्र जल से भरा कलश लिए 108 कन्याएं कतारबद्ध होकर गंगेश्वर स्थान की ओर आगे बढ़ीं. रास्ते में ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर इस भव्य शोभायात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया.
महारुद्राभिषेक और महाप्रसाद वितरण
गंगेश्वर मंदिर परिसर पहुंचने पर विधि-विधान के साथ बाबा गंगेश्वरनाथ का महारुद्राभिषेक संपन्न हुआ. इसके बाद सभी कन्याओं को पंक्तिबद्ध बैठाकर प्रेमपूर्वक भोजन कराया गया. मंदिर समिति और जिला प्रशासन की ओर से वहां पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया. इस भव्य आयोजन के साथ ही तीर्थ क्षेत्र में भक्ति, लोकगीत और मिथिला संस्कृति के इस महासंगम का आध्यात्मिक आगाज हो गया है.

गणमान्य लोगों की रही सक्रिय उपस्थिति
इस अवसर पर न्यास के कार्यकारी अध्यक्ष शिव नारायण ठाकुर, उपाध्यक्ष महेश्वर ठाकुर, सचिव संजीव कुमार चौधरी, कोषाध्यक्ष सतीश कुमार ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. समिति सदस्यों ने बताया कि गंगेश्वर धाम तक की यात्रा पूरी होने के बाद कन्याओं को भोजन और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया है. इसके अलावा रुद्राभिषेक और कवि सम्मेलन का आयोजन भी निर्धारित है, तथा देर शाम रंगारंग कार्यक्रमों के साथ महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए