बिहार में स्कूल के अंदर युवक का लटका मिला शव, हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस

स्कूल परिसर में ग्रामीणों की भीड़
Bihar Crime News: दरभंगा के नगर थाना क्षेत्र में एक प्राथमिक विद्यालय से 18 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई. परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर एफएसएल जांच शुरू कर दी है.
Bihar Crime News: बिहार के दरभंगा में एक प्राथमिक विद्यालय से युवक का शव मिलने के बाद हड़कंप मच गया. घटना नगर थाना क्षेत्र के इमलीघाट पुल के पास स्थित स्कूल की है. स्कूल खुलते ही लोगों ने अंदर शव लटका देखा. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
मृतक की हुई पहचान
मृतक की पहचान गुल्लोबारा निवासी 18 वर्षीय भरत मंडल उर्फ हिमांशु के रूप में हुई है. वह इलेक्ट्रिक डेकोरेशन का काम करता था. परिवार में दो भाई और दो बहनें हैं. गुरुवार शाम वह दोस्तों के साथ घर से निकला था. देर रात तक वापस नहीं लौटा. परिजनों ने कई बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ. रात भर खोजबीन की गई, पर कोई सुराग नहीं मिला.
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के जीजा सावन राय ने हत्या का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि हिमांशु की हत्या कर शव को स्कूल में लटका दिया गया. उन्होंने शरीर पर चोट के निशान होने की बात कही. परिवार ने निष्पक्ष जांच की मांग की है. घटना के बाद घर में मातम पसरा है.
नशेड़ियों पर स्थानीय लोगों का संदेह
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कुछ दिनों से विद्यालय परिसर में नशेड़ियों का जमावड़ा लगता था. आशंका है कि नशे के दौरान किसी विवाद में युवक की हत्या की गई हो. बाद में शव को ऊपरी तल्ले पर लटका दिया गया. इलाके में पहले से नशे की समस्या को लेकर चर्चा चल रही थी. इस घटना के बाद लोगों में डर का माहौल है.
पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी
नगर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही घटनास्थल को सील कर दिया गया. एफएसएल टीम को बुलाकर सैंपल जुटाए गए हैं. प्रथम दृष्टया शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा है. शव को पोस्टमार्टम के लिए दारोगा मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भेजा गया है.
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा होगा. फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




