डुमरांव स्टेशन के पास मिला अज्ञात युवक का शव, ट्रेन की चपेट में आने से मौत की आशंका

Updated:
विज्ञापन
डुमरांव स्टेशन के पूर्वी केबिन के पास अज्ञात युवक का शव मिला, ट्रेन की चपेट में आने से मौत की आशंका

डुमरांव रेलवे स्टेशन के पूर्वी केबिन के पास एक अज्ञात युवक का शव मिला है। ट्रेन की चपेट में आने से मौत की आशंका जताई जा रही है, पुलिस पहचान में जुटी है।

विज्ञापन

Buxar News : डुमरांव रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब पूर्वी केबिन के समीप रेलवे ट्रैक किनारे एक युवक का शव बरामद हुआ. पटना-डीडीयू रेलखंड पर हुई इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया. सूचना मिलते ही रेल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है, जिससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है.

घटना को लेकर आसपास के लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान दोनों ओर से ट्रेन के आने पर वह घबरा गया और संतुलन खो बैठा. बताया जा रहा है कि इसी बीच एक ट्रेन की चपेट में आने से वह ट्रैक के किनारे जा गिरा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.

ट्रैक पार करते समय हुआ हादसा

स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक अक्सर रेलवे ट्रैक के आसपास ही देखा जाता था और प्लास्टिक की बोतलें चुनकर अपना गुजारा करता था. घटना वाले दिन भी वह ट्रैक पार कर रहा था, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया. हालांकि, अभी तक उसकी पहचान की पुष्टि नहीं हो सकी है.

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. कुछ लोगों ने तुरंत इसकी सूचना रेल पुलिस को दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला.

पहचान कराने में जुटी पुलिस

रेल थानाध्यक्ष मणीचंद्र पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने से मौत का प्रतीत हो रहा है. उन्होंने कहा कि मृतक के बारे में जो जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार वह प्लास्टिक की बोतलें बीनने का काम करता था, लेकिन उसकी पहचान अब तक नहीं हो पाई है.

पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और शव की शिनाख्त कराने का प्रयास जारी है. साथ ही रेलवे ट्रैक के आसपास रहने वाले लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है ताकि मृतक के बारे में कोई सुराग मिल सके.

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

रेल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी. पुलिस ने कहा है कि पहचान होते ही आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी और जरूरत पड़ने पर मामले की गहराई से जांच भी की जाएगी.


विज्ञापन
Sujeet Kumar

लेखक के बारे में

By Sujeet Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन