बक्सर में रामकथा का सातवां दिन: ‘राममय जीवन ही सभी समस्याओं का निदान’, केवट प्रसंग ने भावविभोर किए श्रद्धालु

Updated:
विज्ञापन

फोटो- व्यासपीठ से कथा सुनाते प्रेमाचार्य जी महाराज | Prabhat Khabar Network

बक्सर में मानस मर्मज्ञ प्रेमाचार्य पीताम्बर जी महाराज ने केवट प्रसंग की कथा सुनाते हुए राममय जीवन को सभी समस्याओं का समाधान बताया।

विज्ञापन

Buxar News : भगवान श्रीराम के हाथों शहर के रामरेखाघाट पर स्थापित रामेश्वरनाथ मंदिर का प्रांगण सातवें दिन भी राम नाम से गूंजता रहा. जय भोलेनाथ ग्रुप और पंडा समाज की ओर से आयोजित नौ दिवसीय मानस ज्ञान कथा में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी. कथा के दौरान मानस मर्मज्ञ प्रेमाचार्य पीताम्बर जी महाराज ने श्रीराम के आदर्श जीवन और केवट प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया.

आपके शहर में

विज्ञापन

‘राममय जीवन हमारी सभी समस्याओं का निदान’

कथा को संबोधित करते हुए प्रेमाचार्य पीताम्बर जी महाराज ने कहा कि राममय जीवन हमारी सभी समस्याओं का निदान है. श्रीराम कथा विश्वकल्याणदायिनी और लोकमंगलकारी है. उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के आचरण और व्यवहार को अपनाकर मनुष्य अपने जीवन को आनंदमय बना सकता है.

महाराज ने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास ने रामचरित मानस के माध्यम से मानव जीवन में रिश्तों और कर्तव्यों की महत्ता को स्थापित किया है. मानस में गुरु, माता-पिता, पुत्र-पुत्री, भाई, मित्र और पति-पत्नी के कर्तव्य एवं सदाचरण की सीख मिलती है.

‘प्रबल प्रेम के आगे प्रभु ने भी बदले नियम’

केवट प्रसंग का विस्तार से वर्णन करते हुए आचार्य जी ने कहा कि प्रबल प्रेम के पाले पड़कर प्रभु को भी नियम बदलते देखा गया. भगवान श्रीराम स्वयं केवट के समीप पहुंचे. उन्होंने कहा कि गंगा का किनारा भक्ति का घाट है और केवट भगवान का परम भक्त था, लेकिन वह अपनी भक्ति का प्रदर्शन नहीं करना चाहता था.

केवट की अटपटी वाणी के पीछे उसकी विनम्रता और निश्छल प्रेम था. इसी प्रेम के आगे भगवान भी झुक गए. कथा के इस प्रसंग को सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे.

‘कथा सुनना नहीं, जीवन में उतारना जरूरी’

प्रेमाचार्य पीताम्बर जी महाराज ने कहा कि केवल रामकथा सुनना पर्याप्त नहीं है. कथा तभी सार्थक होगी, जब श्रीराम के आचरण और आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का प्रयास किया जाए. हमारा चिंतन, व्यवहार और जीवन राममय हो, यही प्रत्येक व्यक्ति का संकल्प होना चाहिए.

मौके पर पूर्व विधायक संजय तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी, भाजपा नेता प्रदीप राय समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे.

फोटो- व्यासपीठ से कथा सुनाते प्रेमाचार्य जी महाराज | Prabhat Khabar Network
फोटो- व्यासपीठ से कथा सुनाते प्रेमाचार्य जी महाराज | Prabhat Khabar Network


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन