बक्सर में शुरू हुआ मिशन परिवार विकास अभियान, 26 सितंबर तक चलेगा परिवार नियोजन कार्यक्रम
हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ को रवाना करते बीडीओ| Prabhat Khabar Network
Buxar News : बक्सर जिले में मिशन परिवार विकास अभियान शुरू हो गया है, जो 26 सितंबर तक चलेगा. इस अभियान के तहत घर-घर जाकर योग्य दंपतियों को परिवार नियोजन के साधनों और लाभों के बारे में जागरूक किया जाएगा.
Buxar News : राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार के निर्देश पर जिले में सितंबर 2026 का मिशन परिवार विकास अभियान शुरू हो गया है. अभियान के सफल संचालन को लेकर जिला स्वास्थ्य समिति के सचिव सह सिविल सर्जन, बक्सर ने जिले के सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किया है. जारी पत्र जिला अस्पताल बक्सर के उपाधीक्षक, अनुमंडल अस्पताल डुमरांव तथा जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को भेजा गया है.
राज्य स्वास्थ्य समिति के निर्देश के अनुसार जिले में 7 सितंबर से 26 सितंबर तक मिशन परिवार विकास अभियान आयोजित किया जाएगा. अभियान के तहत दो चरणों में विभिन्न गतिविधियां संचालित होंगी.
घर-घर जाकर योग्य दंपतियों को किया जाएगा जागरूक
अभियान के पहले चरण में 7 से 13 सितंबर तक दंपती संपर्क सप्ताह मनाया जाएगा. इस दौरान आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सेविका एवं स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर योग्य दंपतियों से संपर्क करेंगे. उन्हें परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों और उनके लाभों की जानकारी दी जाएगी. साथ ही छोटा परिवार, सुखी परिवार के संदेश के प्रति भी जागरूक किया जाएगा.
14 से 26 सितंबर तक परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा
अभियान के दूसरे चरण में 14 से 26 सितंबर तक परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा. इस दौरान जिले के सभी सरकारी अस्पतालों, पीएचसी, सीएचसी एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर योग्य दंपतियों को उनकी इच्छानुसार परिवार नियोजन की सेवाएं उपलब्ध करायी जाएंगी.
Also Read : बक्सर: राजपुर में कक्षा 1 से 8 तक अर्द्धवार्षिक परीक्षा शुरू, पहले दिन हिंदी-विज्ञान की परीक्षा
अस्थायी और स्थायी साधन की मिलेगी निःशुल्क सुविधा
पखवाड़े के दौरान अंतरा, छाया, माला-एन, कंडोम और कॉपर-टी जैसे अस्थायी साधनों की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध होगी. इसके अलावा महिला एवं पुरुष नसबंदी जैसे स्थायी साधनों की सेवा भी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में निःशुल्क दी जाएगी.
गतिविधियों की दैनिक रिपोर्ट भेजना होगा अनिवार्य
सिविल सर्जन ने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को राज्य से प्राप्त दिशा-निर्देश, कार्ययोजना एवं प्रपत्रों का भली-भांति अवलोकन करने का निर्देश दिया है. अपने-अपने क्षेत्र में अभियान की सभी गतिविधियों का समयबद्ध और प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के साथ सेवा प्रदायगी के लिए आवश्यक समन्वय, उत्प्रेरण एवं प्रचार-प्रसार की व्यवस्था करने को कहा गया है. अभियान के दौरान संचालित गतिविधियों की दैनिक रिपोर्ट निर्धारित प्रपत्र में जिला स्वास्थ्य समिति को भेजना अनिवार्य होगा.
Also Read : शाहाबाद महोत्सव: दिल्ली में 27 अक्टूबर को होगा आयोजन, कांस्टीट्यूशन क्लब में जुटेंगी नामी हस्तियां
जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना
अभियान के प्रचार-प्रसार को गति देने के लिए पीएचसी सदर बक्सर परिसर से परिवार नियोजन जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. रथ को प्रखंड विकास पदाधिकारी, बक्सर सदर ने रवाना किया. यह रथ पूरे प्रखंड में घूम-घूम कर लोगों को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करेगा.
स्वास्थ्य अधिकारी और कर्मी रहे मौजूद
जागरूकता रथ रवाना किए जाने के मौके पर प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक प्रिंस सिंह, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक (बीसीएम), प्रखंड मूल्यांकन सहायक (बीईई) सहित पीएचसी के सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे.
Also Read : बक्सर में मजदूर से मारपीट के आरोप में भाकपा-माले ने की आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए