बक्सर में मजदूर से मारपीट के आरोप में भाकपा-माले ने की आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग

Updated:
विज्ञापन

मजदूर के घर पहुंचकर हाल चाल लेते भाकपा-माले के नेता | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Buxar News : सिमरी प्रखंड के बड़का ढकाइच गांव में मजदूरी के बहाने एक दिव्यांग मजदूर को घर ले जाकर आम के पेड़ से बांधकर लाठी-डंडों से पीटने का आरोप है. भाकपा-माले की टीम ने पीड़ित से मिलकर कार्रवाई की मांग की है.

विज्ञापन

Buxar News : सिमरी प्रखंड के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के बड़का ढकाइच गांव में मजदूर छोटक पासवान के साथ कथित मारपीट और उत्पीड़न के मामले को लेकर मंगलवार को भाकपा-माले की छह सदस्यीय टीम गांव पहुंची. टीम ने पीड़ित मजदूर और उसके परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली. इसके बाद टीम कृष्णाब्रह्म थाना पहुंची और मामले में आरोपितों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की.

विज्ञापन

मजदूरी का काम कराने के बहाने घर ले जाने का आरोप

पीड़ित छोटक पासवान ने माले नेताओं को बताया कि उसने मामले को लेकर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. उसके अनुसार, वह दाहिने हाथ से दिव्यांग है और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है. 11 सितंबर की सुबह करीब सात बजे वह अपने घर के दरवाजे पर बैठा था. इसी दौरान जूली दुबे, पिता राजेंद्र दुबे, उसे मजदूरी का काम कराने की बात कहकर अपने घर ले गये. आरोप है कि वहां पहले से मौजूद करिया दुबे, कृष्णा दुबे, रोहित दुबे, गोलू दुबे और धीरज दुबे ने उसे पकड़ लिया.

आम के पेड़ से बांधकर लाठी-डंडे से मारपीट का आरोप

छोटक पासवान का आरोप है कि आरोपितों ने उसे जूली दुबे के हाता में आम के पेड़ से रस्सी के सहारे बांध दिया और लाठी-डंडे से मारपीट करने लगे. इस दौरान उस पर गाड़ी की बैटरी चोरी करने का आरोप लगाया गया. पीड़ित के अनुसार, उसने चोरी से इनकार करते हुए कहा कि यदि उसने चोरी की है, तो उसे पुलिस के हवाले किया जाये, लेकिन आरोपितों ने उसकी बात नहीं सुनी.

बेहोश होने के बाद सड़क किनारे छोड़ने का आरोप

पीड़ित ने बताया कि मारपीट के दौरान उसे जातिसूचक शब्दों से गाली दी गयी और जान से मारने की धमकी भी दी गयी. आरोप है कि लाठी से लगातार पिटाई के बाद वह बेहोश होकर गिर गया. इसके बाद आरोपित उसे सड़क किनारे छोड़कर चले गये. होश आने पर वह किसी तरह अपने घर पहुंचा. परिजनों ने उसका इलाज अनुमंडलीय अस्पताल, डुमरांव में कराया. छोटक पासवान ने घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों द्वारा पूरी घटना देखे जाने की बात भी माले नेताओं को बतायी.

थाने पहुंचकर आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग

माले की टीम ने पीड़ित और उसके परिवार को न्याय की लड़ाई में साथ खड़े रहने का भरोसा दिया. इसके बाद टीम कृष्णाब्रह्म थाना पहुंची और मामले में आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की. नेताओं ने कहा कि मजदूर के साथ इस तरह का कथित उत्पीड़न गंभीर और निंदनीय है. प्रशासन को मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए.

Also Read : बक्सर: सहयोग शिविर में 28 शिकायतों का मौके पर समाधान, DDC ने दिया समयबद्ध निष्पादन का निर्देश

गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

माले नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि आरोपितों की अविलंब गिरफ्तारी नहीं हुई, तो पार्टी आंदोलन करने को बाध्य होगी. नेताओं ने घटना को लेकर सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मजदूरों के उत्पीड़न के खिलाफ पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी.

Also Read : शाहाबाद महोत्सव: दिल्ली में 27 अक्टूबर को होगा आयोजन, कांस्टीट्यूशन क्लब में जुटेंगी नामी हस्तियां

छह सदस्यीय टीम में ये रहे शामिल

माले की टीम में नवानगर के सचिव सह सिमरी प्रखंड प्रभारी हरेंद्र राम, खेग्रामस के बक्सर जिला सचिव कन्हैया पासवान, चौगाई प्रखंड सचिव वीरेंद्र सिंह, ब्रह्मपुर प्रखंड सचिव विसर्जन पासवान, युवा जिला नेता बिनोद रजक और आरवाईए नेता रामलाल शामिल थे.

Also Read : बक्सर: राजपुर में कक्षा 1 से 8 तक अर्द्धवार्षिक परीक्षा शुरू, पहले दिन हिंदी-विज्ञान की परीक्षा

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन